'सच सिर्फ इसलिए नहीं बदल जाता क्योंकि...', माता-पिता के तलाक के बीच राजा भैया की बेटी ने कह डाली बड़ी बात
Raghuraj Pratap Singh (Raja Bhaiya): उत्तर प्रदेश के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव थाने में हाल ही में उनकी भानवी सिंह ने एफआईआर दर्ज कराई है। भानवी सिंह ने शिकायत में अपने पति पर अवैध संबंध, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना समेत कई गंभीर लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि हिंसा की वजह से उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। अब राजा भैया और भानवी सिंह की बेटी राजकुमारी राघवी कुमारी ने भी इस मामले पर बयान दिया है।
राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह कई सालों से अलग रहे हैं। दोनों का तलाक का केस भी चल रहा है। दिल्ली में राजा भैया पर एफआईआर की बात सोशल मीडिया पर आग की तरह फैली, जिसको लेकर तरह-तरह के यूजर कई बातें कर रहे हैं। अपने पिता रघुराज और उनके करीबी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के एक्स पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए राघवी कुमारी ने रिएक्शन दिया है। इस पोस्ट में राघवी ने अपनी मां का बचाव किया है।

राजा भैया की बेटी राघवी कुमारी ने माता-पिता के झगड़े को लेकर क्या कहा?
राघवी कुमारी ने एक्स पोस्ट पर लिखा, ''सच सिर्फ इसलिए नहीं बदल जाता क्योंकि वे किसी को कुछ और कहने के लिए मजबूर करते हैं। आप सभी मेरे बूढ़े नाना नानी को हमारे खिलाफ बोलने के लिए परेशान कर रहे हैं ताकि बाद में इसका दुरुपयोग कर सकें। आप सच जानते हैं, कृपया भगवान से डरें।''
आखिर राजा भैया के करीबी अक्षय प्रताप सिंह क्या कहा?
राजा भैया के करीबी अक्षय प्रताप सिंह ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, ''माननीय राजा भैया के खिलाफ भानवी सिंह की एफआईआर की खबर काफी सुर्खियों में है, हो भी क्यों ना राजा भैया TRP बढ़ाने वाला नाम जो हैं। चार वर्षों से तलाक का केस दिल्ली के साकेत कोर्ट में चल रहा है, जिसपर कोर्ट ने सभी पत्रकारों की रिपोर्टिंग पर भानवी सिंह के ही अनुरोध पर रोक लगा रखी है। मर्यादा के कारण भैया ने आज तक इस विषय पर कभी कुछ नहीं कहा और शायद कहेंगे भी नहीं, जबकि भानवी सिंह ने अब बदतमीजी की सभी हदों को पार कर दिया है। मेरे ऊपर, भैया के सहयोगियों, सेवकों के ऊपर मुकदमा दर्ज कराने से जब मन नहीं भरा तो आज भैया के ऊपर भी झूठी एफआईआर करा दी। भैया पर उंगली उठेगी तो उनके शुभचिंतक चुप नहीं बैठेंगे, बैठना चाहिए भी नहीं।''
'अब इनका असली चरित्र आप सभी के सामने लाने का समय आ गया है...'
अक्षय प्रताप सिंह ने आगे लिखा, ''अब इनका (भानवी सिंह) असली चरित्र आप सभी के सामने लाने का समय आ गया है, भानवी जी संपत्ति के लालच में कई बार अपने माता पिता पर हाथ उठा चुकी हैं। ऑडियो में भानवी सिंह की मां श्रीमती मंजुल सिंह अपनी पुत्री भानवी से मार खाने के बाद राजा भैया से रो-रोकर अपनी आपबीती सुना रही हैं। बताते चलें कि भानवी सिंह के घर का नाम 'मोनू' है जिसे आप ऑडियो में सुनेंगे। जिनको लग रहा हो कि ऑडियो फर्जी है, उनके लिए वो पत्र भी संलग्न है जिसमें भानवी सिंह की 75 वर्षीय वृद्ध और बीमार मां ने उनके द्वारा बार बार पीटे जाने, गाली गलौच करने, धमकी देने से आतंकित होकर पुलिस आयुक्त लखनऊ से अपनी सुरक्षा की गुहार लगायी है।''
अक्षय प्रताप सिंह ने आखिर में लिखा, ''भैया के ऊपर झूठी एफआईआर कराने के बाद अब संकोच लिहाज का कोई मतलब नहीं रह जाता है। इनका असली चेहरा दिखाने वाले कई प्रमाण ऑडियो, वीडियो, अभिलेखों के रूप में मौजूद हैं जो समय समय पर आपके सामने लाता रहूंगा।''
भानवी सिंह ने पति राजा भैया पर क्या-क्या आरोप लगाए हैं?
पिछले कुछ सालों से भानवी सिंह और राजा भैया दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। अपनी शिकायत में भानवी सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे उनके शरीर के अंगों को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने आगे दावा किया कि राजा भैया ने सालों तक उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और अब उन्हें अपनी जान का डर है।
भानवी सिंह ने अपनी सास समेत ससुराल वालों पर भी उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दुर्व्यवहार का सामना करने के बावजूद, उन्होंने परिवार में शांति बनाए रखने और अपनी शादी को बचाने के प्रयास में शुरू में कानूनी कार्रवाई करने से परहेज किया। लेकिन फिर भी दुर्व्यवहार बंद नहीं हुआ।
इससे पहले उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से भी ऐसी ही शिकायतें की थीं, लेकिन मामले को आगे नहीं बढ़ाया। अगस्त 2023 में भानवी सिंह ने एक पारिवारिक अदालत में हलफनामा दायर किया, जिसमें राजा भैया पर लगभग तीन दशकों से घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार और विवाहेतर संबंधों का आरोप लगाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications