Indian Railway: रेलवे ने तैयार किए कोविड केयर कोच, इन राज्यों को मिलेगी मदद
नई दिल्ली, अप्रैल 25: कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बाद देश के ज्यादातर हिस्सों के हालात बेकाबू हो रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच अस्पताल में बेड खाली नहीं है। मरीजों के लिए अस्पताल में इलाज का अभाव हो रहा है। ऐसे हालातों के बाद अब भारतीय रेलवे भी मदद के लिए आगे आ गया है। ऑक्सीजन किल्लत के बीच जहां रेलवे ऑक्सीजन एक्सप्रेस चला रहा है। वहीं संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच रेलवे ने अब कोविड कोच भी तैयार कर लिए हैं।

भारतीय रेलवे ने बढ़ते कोरोना मामलों के मद्देनजर राज्यों की सहायता के लिए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली में कोविद केयर कोच तैयार कर लिए हैं। जानकारी के मुताबिक रेलवे के पास 64000 बेड वाले लगभग 4000 कोविड केयर कोच है, जो देश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर है। इन कोच के अंदर सभी प्रकार की सुविधा उपलब्ध होगी। 4000 कोविड कोच तैयार करने में रेलवे ने करीब 1000 करोड़ रुपये का खर्च किया है। दरअसल, इन राज्यों में ही सबसे ज्यादा कोरोना के मरीज मिल रहे है, जिसके मद्देनजर अस्पताल में बेड की कमी के बाद इन कोच को तैयार किया गया है।
वहीं अगर रेलवे की ओर से तैयार कोविड कोच के अंदर सुविधा की बात करें तो इनके अंदर कोरोना मरीजों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मौजूग रहेंगी। मरीजों को गर्मी ना लगे इसके लिए कूलर की फिटिंग की गई है। रेल के कोच को पूरी तरह से अस्पताल के बेड की तरह तैयार किया गया है। यहां तक की कोच में गर्मी का प्रकोप कम करने के लिए छत पर घास भी बिछाई गई है। घास को पानी डालकर ठंडा भी किया जाएगा। हालांकि यहां पर मरीजों के लिए ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं होगी, इसलिए यहां पर गंभीर मरीजों को नहीं रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications