Gyanesh Kumar के खिलाफ तीसरे दिन सड़क पर Rahul-Priyanka, बापू को श्रद्धांजलि दी-रात 10 बजे तक ये रास्ते बंद

Rahul-Priyanka Protest Against Gyanesh Kumar Day 3: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन गुरुवार (8 अक्टूबर) को लगातार तीसरे दिन जारी रहा। विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) को लेकर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। सबसे पहले कनॉट प्लेस के मोएट्स रेस्टोरेंट में राहुल-प्रियंका समेत इंडिया ब्लॉक के मौजूद सांसदों ने लंच मीटिंग की। इसके बाद, बसों से कनॉट प्लेस से 3.50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित राजघाट रवाना हुए।

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA ब्लॉक के अन्य नेता राजघाट पहुंचे। करीब एक घंटे बाद सभी राहुल-प्रियंका समेत अन्य INDIA ब्लॉक के अन्य नेताओं को एंट्री मिली। यहां महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। आपको बता दें कि बुधवार (7 अक्टूबर) को जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था। गुरुवार को विपक्ष ने एक बार फिर प्रदर्शन की रणनीति बनाई। आइए विस्तार से जानते हैं कि क्या है राहुल गांधी का प्लान?

rahul-priyanka-protest-against-gyanesh-kumar-

'लड़ाई जारी रहेगी, 9 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन के समय के बारे में जल्द ऐलान '

राजघाट पर CPI(M) सांसद वी. शिवदासन ने कहा कि हम सांसदों ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और हम ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे। 9 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन के समय के बारे में आज रात घोषणा की जाएगी। हम अपना संघर्ष जारी रखेंगे। कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा कि महात्मा गांधी के आशीर्वाद से, जिन्होंने हमें आज़ादी और न्याय के लिए लड़ने का रास्ता दिखाया... राहुल गांधी के नेतृत्व में, हम आगे बढ़ते रहेंगे।

राजघाट पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि आज पूरा देश एकजुट है। देश ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। प्रधानमंत्री को देश के सामने झुकना चाहिए और याद रखना चाहिए कि उन्होंने खुद को 'प्रधानसेवक' कहा था। प्रधानमंत्री के तौर पर उन्हें देश की आवाज़ सुननी चाहिए और चुनाव आयोग की मदद से धोखे से चुनाव जीतने की कोशिश छोड़ देनी चाहिए।

कनॉट प्लेस में लंच मीटिंग, फिर सड़क पर उतरे सांसद

rahul-priyanka-protest-against-gyanesh-kumar-

इससे पहले, गुरुवार (8 अक्टूबर) को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक के सांसदों के लिए कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच मीटिंग की। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी समेत कई विपक्षी नेता इसमें शामिल हुए। TMC सांसद अभिषेक बनर्जी भी बैठक में पहुंचे। यह लगातार दूसरा दिन था, जब विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन से पहले साथ बैठकर लंच किया और रणनीति बनाई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंच के बाद विपक्षी सांसद बसों से प्रदर्शन स्थल राजघाट की ओर बढ़े।

कौन-कौन रहा मौजूद?

लंच में खड़गे और राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, विवेक तन्खा, मणिकम टैगोर, ज्योतिमणि, राजीव शुक्ला और दीपेंद्र हुड्डा समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद रहे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी भी बैठक में शामिल हुए। TMC की ओर से अभिषेक बनर्जी, मेनका गुरुस्वामी, साकेत गोखले और समीरुल इस्लाम पहुंचे। समाजवादी पार्टी के राजीव राय और मोहिबुल्लाह, CPI(M) के जॉन ब्रिटास, CPI के पी. संतोष और RJD के सुधाकर सिंह भी लंच में मौजूद रहे। विपक्षी नेताओं की यह बैठक ऐसे समय हुई, जब ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है।

राहुल बोले- करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं

लंच मीटिंग के बाद राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा के करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण तरीके से धरना देना चाहते हैं, लेकिन उन्हें लगातार रोका जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि पहले दिन विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग के दफ्तर के पास रोक दिया गया। इसके बाद जब उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की बात कही, तो वहां भी जाने नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान विपक्षी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष का मुद्दा सिर्फ INDIA ब्लॉक का नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र और वोट के अधिकार से जुड़ा मामला है।

राहुल गांधी का मोदी-शाह समेत चार लोगों पर गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि इन लोगों ने कथित तौर पर एक आपराधिक साजिश के जरिए देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया और वोट चोरी की। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इस मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इन नेताओं को जवाबदेह ठहराया जाएगा। हालांकि, ये राहुल गांधी के राजनीतिक आरोप हैं। इन आरोपों को लेकर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया और चुनाव आयोग का पक्ष अलग से महत्वपूर्ण है।

'जहां रोकेंगे, वहीं प्रदर्शन होगा': पवन खेड़ा

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि INDIA ब्लॉक का एजेंडा नहीं बदला है। उनकी मुख्य मांग ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है। पवन खेड़ा ने कहा कि यह सिर्फ INDIA गठबंधन की मांग नहीं है, बल्कि पूरे देश की मांग है। उन्होंने कहा कि जहां भी विपक्षी नेताओं को रोका जाएगा, वहीं विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

खड़गे बोले- गांधी स्मारक जाकर प्रार्थना करेंगे

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि INDIA गठबंधन के सांसद शांतिपूर्ण धरना देने के लिए गांधी स्मारक की ओर जा रहे हैं। खड़गे ने कहा कि विपक्ष वहां बैठकर प्रार्थना करेगा कि केंद्र सरकार यह समझे कि उसके फैसले देशहित में नहीं हैं। उन्होंने वोट चोरी के आरोप, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया। खड़गे ने कहा कि विपक्ष का मानना है कि लोगों से उनके अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल का जिक्र करते हुए कहा कि देश को मिली आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है।

तीन दिन से क्यों चल रहा है विरोध?

INDIA ब्लॉक का यह आंदोलन मुख्य रूप से SIR यानी Special Intensive Revision और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव के जरिए लोगों के वोट देने के अधिकार को प्रभावित किया जा सकता है। इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

पहले दिन विपक्षी सांसद चुनाव आयोग की ओर बढ़े थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। दूसरे दिन उन्होंने जंतर-मंतर जाने की कोशिश की, जहां भी पुलिस से टकराव हुआ और कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। अब तीसरे दिन विपक्ष ने फिर सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया है। राजघाट की ओर बढ़े।

राष्ट्रपति से मिलने के लिए भी मांगा समय

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि INDIA ब्लॉक के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय भी मांगा है। वेणुगोपाल के मुताबिक, पहला अनुरोध 2 अक्टूबर को भेजा गया था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन की ओर से गठबंधन के नेताओं के नाम मांगे गए। 5 अक्टूबर को सभी नेताओं के नाम के साथ दोबारा अनुरोध भेजा गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने 7, 8 और 9 अक्टूबर में से किसी दिन मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन 8 अक्टूबर तक राष्ट्रपति भवन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला था।

चुनाव आयुक्तों से मिलने की मांग

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जंतर-मंतर पर बैठकर प्रदर्शन करने की भी अनुमति नहीं मिली। हुड्डा ने बुधवार की पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होती। कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उनके मुताबिक, INDIA ब्लॉक लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन कर रहा है।

'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, तब तक लड़ाई जारी रहेगी'

RJD सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि न्याय की यह लड़ाई ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगी। वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा कि वह पिछले दिन अस्पताल में होने के कारण प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाए थे। CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ज्ञानेश कुमार इस्तीफा देंगे और कहा कि विपक्ष अपना विरोध जारी रखेगा। राहुल गांधी भी पहले कह चुके हैं कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा।

7 अक्टूबर को क्या हुआ था?

7 अक्टूबर 2026 को INDIA ब्लॉक के सांसदों का मार्च करीब तीन घंटे तक चला। विपक्षी सांसद बसों से जंतर-मंतर की ओर बढ़े, लेकिन कई जगह पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। शांगरी-ला होटल के सामने भी विपक्षी सांसदों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तनाव की स्थिति बनी। इसी दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ गए थे। प्रियंका गांधी वाड्रा संविधान की प्रति लेकर सड़क पर बैठ गई थीं। बाद में उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की गई, जिसका राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने विरोध किया। इस दौरान पुलिस और विपक्षी नेताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया।

6 अक्टूबर से शुरू हुआ प्रदर्शन

INDIA ब्लॉक का यह विरोध मंगलवार को संसद से मार्च के साथ शुरू हुआ था। विपक्षी सांसद चुनाव आयोग की ओर बढ़े थे। उन्हें रास्ते में रोक दिया गया था। इसके बाद राहुल गांधी ने आकाशवाणी भवन के पास करीब आठ घंटे धरना दिया। बुधवार को आंदोलन जंतर-मंतर तक पहुंचा और गुरुवार को विपक्ष ने कनॉट प्लेस में लंच मीटिंग के बाद राजघाट का रुख किया। यानी तीन दिनों में प्रदर्शन का रास्ता लगातार बदला है, लेकिन विपक्ष की मुख्य मांग वही है, SIR को लेकर सवालों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और चुनावी प्रक्रिया पर जवाब।

दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई

INDIA ब्लॉक के लगातार विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। कनॉट प्लेस, चुनाव आयोग के आसपास और मध्य दिल्ली के अन्य इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार ने 8 से 12 अक्टूबर के बीच दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+