RSS की मानहानि के केस में 12 जून को राहुल गांधी की पेशी
नई दिल्लीः पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने गुरुवार को नागपुर में आरएसएस के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस पर कांग्रेस के कई नेताओं ने आपत्ति जताई। वहीं, पांच दिन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 12 जून को महाराष्ट्र जाना होगा। वजह है आरएसएस द्वारा किया गया केस। साल 2014 में राहुल गांधी पर आरएसएस ने मानहानि का केस किया, जिसमें अदालत ने राहुल गांधी को 12 जून को भिवंडी की अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।

राहुल गांधी ने आरएसएस पर लगाया था महात्मा गांधी की हत्या का आरोप
साल 2014 में एक भाषण में राहुल गांधी ने आरएसएस पर महात्मा गांधी की हत्या करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद आरएसएस ने राहुल गांधी ने खिलाफ मानहानि का केस किया। भिवंडी के न्यायिक मजिस्ट्रेट एए शेख इस मामले में आरोप तय करने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष का बयान दर्ज करवाना चाहते हैं।

छह मार्च 2014 को राहुल गांधी के खिलाफ केस कराया था
आरएसएस के कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया था। जिसमें कुंट ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने संघ पर महात्मा गांधी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने संगठन की प्रतिष्ठा पर आंच पहुंचाई है। आरएसएस के स्थानीय कार्यकर्ता राजेश कुंते ने ठाणे के भिवंडी में चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी का भाषण सुनने के बाद छह मार्च 2014 को उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

राहुल गांधी ने नहीं मांगी माफी
इस मामले में राहुल गांधी के वकील नारायण अय्यर का कहना है कि यह ऐतिहासिक तथ्यों से जुड़ा मामला है और इसलिए हमें कई दस्तावेजों पर निर्भर रहने की जरूरत है। बता दें, इस केस में कांग्रेस अध्यक्ष मामले के निपटारे के लिए सुप्रीम कोर्ट भी जा चुके हैं। जुलाई 2016 में केस की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राहुल गांधघी को संगठन की निंदा नहीं करनी चाहिए थी और अगर वह अपने बयान पर खेद प्रकट नहीं करते तो उन्हें सुनवाई का सामना करना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications