अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर लेक्चर देंगे राहुल गांधी, होगी सबकी निगाहें
राहुल गांधी हाल में ही नार्वे की यात्रा से लौटे हैं। अब वह अमेरिका जाने की तैयारियां कर रहे हैं
नई दिल्ली। देश में कांग्रेस के हालात अच्छे नहीं है, पार्टी अपने बुरे दौर से गुजर रही है। इसी बीच खबर है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष कांग्रेस को उसके हाल पर छोड़कर अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर होने वाले सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
राहुल गांधी हाल में ही नार्वे की यात्रा से लौटे हैं। अब वह अमेरिका जाने की तैयारियां कर रहे हैं जहां वह प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों के साथ विचार विमर्श करेंगे साथ ही सिलिकन वैली का दौरा कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर एक सम्मेलन को संबोधित कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक राहुल गांधी 11 सितंबर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर होने वाले सम्मेलन को संबोधित कर सकते हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक राहुल चाहते हैं कि भारत इस विशिष्ट क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाये जिस तरह वह साफ्टवेयर डेवलपमेंट में निभा रहा है और उसने अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता हासिल कर रखी है। खबर है कि राहुल गांधी की इस अमेरिका यात्रा में कांग्रेस के सैम पित्रोदा मदद करेंगे।