घुटने की समस्या से परेशान हुए राहुल गांधी, केरल के 100 साल पुराने आयुर्वेदिक संस्थान में करा रहे इलाज
Rahul Gandhi Treatment: घुटने की समस्या से परेशान कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल के आयुर्वेदिक संस्थान में अपना इलाज करा रहे हैं। केरल के 100 साल पुराने आयुर्वेदिक संस्थान में इलाज के लिए राहुल गांधी कोटक्कल पहुंचे हैं, जहां रिपोर्ट्स के मुताबिक उनको 30 जुलाई को छुट्टी मिल सकती है।
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी केरल में घुटने से संबंधित समस्या के लिए आयुर्वेदिक उपचार ले रहे हैं। उम्मीद है कि राहुल को इसी रविवार को छुट्टी मिल जाएगी।

घुटनों की परेशानी से जूझ रहे कांग्रेस नेता
रिपोर्ट में पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से बताया गया है कि राहुल गांधी को घुटने से संबंधित समस्या के लिए 21 जुलाई को कोटक्कल आर्य वैद्य शाला में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें रविवार को छुट्टी मिलने की संभावना है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी विधायक एपी अनिल कुमार भी आयुर्वेदिक अस्पताल गए थे।
जानकारी के मुताबिक पिछले साल कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान राहुल को घुटने में दर्द की परेशानी हुई थी। जिस वक्त उनको यह दिक्कत हुई थी उस समय राहुल केरल में ही थे।
21 जुलाई को केरल पहुंचे थे राहुल गांधी
बता दें कि राहुल गांधी 21 जुलाई को पूर्व सीएम ओमन चांडी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। इसके बाद वे कोटक्कल पहुंचे थे। जहां कांग्रेस नेता सौ साल पुराने आयुर्वेदिक संस्थान कोटक्कल आर्य वैद्य शाला में इलाज करा रहे हैं।
इलाज से पहले राहुल गांधी ने कोटक्कल में बने श्री विश्वंभरा मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। गौरतलब है कि आर्य वैद्य शाला में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए मंदिर आराम और शांति के लिए बनाया गया है।
जानिए आर्य वैद्य शाला के बारे में
केरल के मलप्पुरम जिले के कोटक्कल में आर्य वैद्य शाला की 1902 में स्थापना की गई थी। यह आर्युवेद संस्था दुनिया भर के रोगियों का आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज करती है। इसके अलावा कोटटक्कल, कांजीकोड और नंजनगुड में आर्य वैद्य शाला की दवाई बनाने की यूनिट हैं, जो 550 से ज्यादा आयुर्वेदिक दवाईयों का निर्माण करती है।












Click it and Unblock the Notifications