लोकतंत्र की रक्षा के लिए राहुल गांधी ने शुरू किया नया कैंपेन, लोगों से समर्थन की अपील
नई दिल्ली: महंगाई, चीन और कोरोना वायरस को लेकर कांग्रेस पहले से ही मोदी सरकार पर हमलावर है। अब राजस्थान के राजनीतिक संकट को लेकर भी कांग्रेस ने बीजेपी और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इसके लिए एक अभियान शुरू किया है। जिसका नाम #SpeakUpForDemocracy है। राहुल गांधी ने एक ट्वीट कर लोगों ने इस मुद्दे पर समर्थन मांगा है।

राहुल गांधी की ओर से पोस्ट किए गए एक मिनट के वीडियो में जनता को राजस्थान के राजनीतिक संकट के बारे में बताने की कोशिश की गई है। वीडियो में बताया गया कि 2018 के अंत में राजस्थान की जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी, लेकिन बीजेपी वहां पर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। साथ ही गहलोत सरकार को गिराने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में अब कांग्रेस ने लोगों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए समर्थन मांगा है। राहुल गांधी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा "आइए #SpeakUpForDemocracy में एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठायें"।
क्या चल रहा राजस्थान में?
दरअसल सीएम गहलोत से नाराज सचिन पायलट 18 बागी विधायकों को लेकर हरियाणा के एक होटल में हैं। बार-बार पार्टी के आग्रह पर भी उन्होंने मीटिंग में हिस्सा नहीं लिया, जिसके बाद उन्हें डिप्टी सीएम और पीसीसी चीफ पद से हटा दिया गया। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी पायलट के जरिए राजस्थान में गहलोत सरकार को गिराना चाहती है, जबकि उनके पास पूर्ण बहुमत है। वहीं सचिन पायलट ने इस बात से इनकार किया है। उनके मुताबिक वो बीजेपी में नहीं शामिल हो रहे हैं, उन्हें कांग्रेस से नहीं, सीएम गहलोत से दिक्कत है।












Click it and Unblock the Notifications