बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने राहुल गांधी को बताया कायर, कहा- छोड़ दें राजनीति
नई दिल्ली। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को कायर करार देते हुए कहा कि उन्हें राजनीति छोड़ देनी चाहिए। स्वामी ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी को बचाने के लिए राहुल को यह काम करना चाहिए।

महात्मा गांधी की हत्या के लिए आरएसएस के लोगों को जिम्मेदार ठहराने वाले राहुल गांधी के बयान पर सुब्रमण्यम स्वामी ने उन्हें आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, 'वह बहुत बड़े कायर हैं। बड़े मुद्दो पर यू-टर्न लेना उनकी आदत है। मुझे लगता है उनका कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है, इसलिए कांग्रेस का भविष्य बचाने के लिए उन्हें राजनीति छोड़ देनी चाहिए।'
राहुल के ट्वीट पर साधा था निशाना
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में स्वामी ने राहुल गांधी की प्रतिभा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर भी संदेह है कि गांधी जी को लेकर किया गया ट्वीट राहुल गांधी ने ही किया हो।
राहुल गांधी ने RSS को बताया था जिम्मेदार
बता दें कि गुरुवार को राहुल गांधी ने ट्वीट करके आरएसएस पर निशाना साधा था। उन्होंने लिखा था, 'आरएसएस की नफरत भरी और बांटने वाली विचारधारा के खिलाफ मेरी लड़ाई कभी नहीं रुकेगी। मैं अपने कहे हर शब्द पर कायम हूं।'
राहुल गांधी ने यह बयान सुप्रीम कोर्ट में चल रहे उस मानहानि मामले की सुनवाई के अगले दिन दिया है, जिसमें उन पर आरएसएस कार्यकर्ता ने छवि खराब करने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications