Ram Mandir: राम मंदिर उद्घाटन पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, जानिए क्या बोले?
Ayodhya Ram Mandir: 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इससे पहले आज 16 जनवरी से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। हालांकि राम मंदिर के निमंत्रण को ठुकराने की वजह से कांग्रेस, बीजेपी और संतों के निशाने पर है। इस बीच 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पर निकले राहुल गांधी ने राम मंदिर उद्घाटन पर पीएम मोदी पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर उद्घाटन समारोह 'मोदी का कार्यक्रम' है। इसी के साथ प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर उद्घाटन का आरएसएस और बीजेपी ने राजनीतिकरण कर दिया है।

राम मंदिर उद्घाटन पर राहुल गांधी का बयान
'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के बीच मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "आरएसएस और भाजपा ने 22 जनवरी के समारोह को पूरी तरह से राजनीतिक नरेंद्र मोदी समारोह बना दिया है। यह आरएसएस-भाजपा का समारोह है और मुझे लगता है कि इसीलिए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह समारोह में नहीं जाएंगे।"
शंकराचार्यों का किया जिक्र
रामलला प्राण प्रतिष्ठा पर राहुल गांधी ने आगे कहा कि हम सभी धर्मों, सभी प्रथाओं के लिए खुले हैं। यहां तक कि हिंदू धर्म के सबसे बड़े प्राधिकारियों (शंकराचार्य) ने भी 22 जनवरी के समारोह के बारे में अपनी राय सार्वजनिक कर दी है कि यह धार्मिक कार्यक्रम नहीं है।
मुझे धर्म का फायदा नहीं उठाना-राहुल गांधी
उन्होंने कहा, "इसलिए हमारे लिए ऐसे राजनीतिक समारोह में जाना मुश्किल है, जो भारत के प्रधानमंत्री और आरएसएस के इर्द-गिर्द तैयार किया गया हो।" इसी के साथ राहुल गांधी ने कहा कि हम सभी धर्मों के साथ हैं। मुझे धर्म का फायदा नहीं उठाना। मैं उसमें इंट्रेस्टेड नहीं हूं। मुझे मेरे धर्म को शर्ट पर पहनने की जरूरत नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications