Rahul Gandhi: राहुल ने आज नहीं फोड़ा 'हाइड्रोजन बम'! ज्ञानेश कुमार पर लगाए वोटो चोरों की रक्षा के आरोप
Rahul Gandhi PC Live: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बिहार चुनाव को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। वे चुनाव आयोग और सरकार, दोनों पर ही हमलावर नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी का आरोप है कि चुनाव आयोग वोट चोरी में शामिल है। यही वजह है कि वे बार-बार चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने हाल ही में दावा किया था कि बेंगलुरु साउथ लोकसभा सीट की महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख से ज्यादा फर्जी वोट पाए गए हैं। उन्होंने इस खुलासे को 'एटम बम' बताया था। अब उन्होंने कहा है कि वे 'हाइड्रोजन बम' फोड़ने वाले हैं। उनके इस बयान ने राजनीतिक माहौल और भी गर्मा दिया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सबकी नजर
राहुल गांधी आज यानी गुरुवार 18 सितंबर 2025 को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। उन्होंने सीधे तौर पर चुनाव आयोग के ऊपर निशाना साधा है। वो प्रमाण के तौर पर कुछ लोगों को लेकर भी आए हैं। 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर राहुल गांधी सरकार और चुनाव आयोग पर हमलावर हैं।
राहुल गांधी के प्रेस कांफ्रेंस की बड़ी बातें (Highlights of Rahul Gandhi's PC)
- राहुल गांधी ने कहा कि अभी जो जानकारी सामने आई है, वह "असल हाइड्रोजन बम नहीं है। असली H-बम तो आने वाला है।" उन्होंने इसे सिर्फ एक "स्टेप" बताया, जिसका मकसद युवाओं को यह दिखाना है कि चुनावों में किस तरह गड़बड़ी की जा रही है।
- राहुल ने कहा कि दलित और ओबीसी समाज को चुनावी धांधली में सबसे ज्यादा निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना था, "मुझे अपने देश और संविधान से प्यार है और मैं हर कीमत पर उसकी रक्षा करूंगा।"
- उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके आरोप केवल 100% सच और सबूतों पर आधारित हैं, कोई भी व्यक्ति इन्हें परख सकता है।
- राहुल गांधी ने उदाहरण देते हुए कहा कि कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र में 6,018 वोट डिलीट किए गए। उन्होंने दावा किया कि असल में वोट डिलीट करने की संख्या 6,018 से कहीं ज्यादा थी, लेकिन यह मामला गलती से पकड़ में आ गया।
- यह मामला तब सामने आया जब एक बूथ-लेवल अधिकारी ने देखा कि उसके चाचा का नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है। जांच में पता चला कि वोट हटाने का जिम्मा उसके चाचा के पड़ोसी के नाम से दर्ज था। जब पड़ोसी से पूछा गया तो उसने कहा कि उसने कोई वोट डिलीट नहीं किया। यानी न तो वोट डिलीट करने वाले को इसकी जानकारी थी और न ही जिनका वोट हटा, उन्हें कुछ पता था।
- राहुल का आरोप है कि किसी और "ताकत" ने सिस्टम हाईजैक करके वोट डिलीट किए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ़ एक उदाहरण है, पूरे चुनाव में कितने वोट डिलीट हुए, इसकी सही जानकारी नहीं दी जा रही।
- राहुल गांधी ने कहा कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त उन लोगों की रक्षा कर रहे हैं जिन्होंने लोकतंत्र को बर्बाद किया है। उन्होंने कहा कि उनकी जिम्मेदारी लोकतंत्र की रक्षा करना है, लेकिन वे उल्टा गड़बड़ी करने वालों को बचा रहे हैं।
- राहुल बोले, "मैं इस मंच से कोई ऐसी बात नहीं कहूंगा जो सच न हो।" उन्होंने खुद को एक ऐसा इंसान बताया जो देश, संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से प्यार करता है और उसी की रक्षा में खड़ा है। राहुल ने साफ कहा कि वे सबूतों के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं और हर दावा परखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications