Rahul Gandhi Pellet Gun Protest: पैलेट गन केस में किन धाराओं में और किसपर FIR? 6 घंटे थाने में राहुल का हंगामा

Rahul Gandhi Pellet Gun Protest: दिल्ली में 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन से घायल हुए 19 वर्षीय साहिल लोचब के मामले ने शुक्रवार (21 अगस्त) को नया मोड़ ले लिया। जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुद संसद मार्ग करीब दोपहर 12 बजे थाने पहुंचे। उन्होंने घायल छात्र और उसके परिवार के साथ पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग की।

इसके बाद थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। करीब 6 घंटे से ज्यादा चला इस ड्रामे के बाद दिल्ली पुलिस ने आखिरकार FIR दर्ज कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 118 और 125 लगाई हैं। आइए जानते हैं कि किसे आरोपी बनाया गया है?

rahul-gandhi-pellet-gun-protes

पहले समझिए- FIR लगी धाराएं कौन सी हैं? और क्या मतलब?

  • BNS की धारा 118: खतरनाक हथियार या साधन का इस्तेमाल कर जानबूझकर किसी व्यक्ति को चोट या गंभीर चोट पहुंचाने से संबंधित है।
  • BNS की धारा 125: ऐसा लापरवाही या उतावलेपन वाला कृत्य, जिससे किसी व्यक्ति की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़ती हो, इस प्रावधान के दायरे में आता है।

हालांकि, FIR में किसी पुलिसकर्मी या किसी अन्य व्यक्ति को नामजद आरोपी नहीं बनाया गया है। FIR अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई है। इसका मतलब है कि जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाएगी कि साहिल को चोट कैसे लगी, कथित पैलेट गन का इस्तेमाल किसने किया और इसके लिए कौन जिम्मेदार था।

Delhi Jantar Mantar Pellet Gun Firing: जंतर-मंतर पर हुई थी पैलेट गन से फायरिंग?

आपको बता दें कि, 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शन के दौरान 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचब के घायल होने का मामला सामने आया। साहिल का दावा है कि सुरक्षा बलों की ओर से पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिससे उसके शरीर में बड़ी संख्या में छर्रे घुस गए और उसकी दाहिनी आंख की रोशनी गंभीर रूप से प्रभावित हुई। दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन चलाने के आरोप से इनकार किया है। राहुल गांधी ने जुलाई में भी साहिल के साथ मीडिया से बात करते हुए उसके शरीर पर लगी चोटें दिखाईं और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए थे।

14 अगस्त: पुलिस को बताया- 200 से ज्यादा छर्रे शरीर में घुसे

साहिल की ओर से 14 अगस्त को पुलिस को लिखित शिकायत देने की बात सामने आई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन के दौरान उस पर कई बार पैलेट गन से फायरिंग हुई। शिकायत में यह भी कहा गया कि उसके शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे मौजूद हैं और कुछ छर्रे संवेदनशील स्थानों के पास होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें निकालना मुश्किल बताया है। साहिल ने अपनी शिकायत में मेडिकल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज, पुलिस और सुरक्षा बलों के बॉडी कैमरों तथा ड्रोन फुटेज को सुरक्षित रखने की मांग भी की थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि और यह तय करना कि छर्रे किस हथियार से और किसके द्वारा चलाए गए, अब पुलिस जांच का हिस्सा है।

21 अगस्त: Rahul Gandhi थाने पहुंचे, धरने पर बैठे

शुक्रवार को राहुल गांधी घायल छात्र साहिल लोचब और उसके परिवार के साथ दिल्ली के संसद मार्ग इलाके में पहुंचे। उनका मकसद साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज करवाना था। राहुल गांधी पहले पुलिस अधिकारियों से मिले। इसके बाद जब तत्काल FIR दर्ज नहीं हुई तो उन्होंने थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि जब तक शिकायत पर FIR दर्ज नहीं होती, वह वहां से नहीं हटेंगे। राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे हैं और उसकी आंख में भी छर्रे लगे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन नहीं चलाई, तो फिर गोली किसने चलाई?

Priyanka Gandhi समेत कई नेता धरने पर बैठे

राहुल गांधी के धरने के दौरान कांग्रेस के कई नेता भी संसद मार्ग थाने पहुंच गए। प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और कुमारी शैलजा समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी के बाद थाने के आसपास राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गईं। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा भी बढ़ा दी गई और RAF की तैनाती कर दी गई।

Rahul Gandhi Police Station Protest: टाइमलाइन में समझें...

  • 12:00 PM: राहुल गांधी संसद मार्ग थाने पहुंचे।
  • 12:15 PM: थाने में पीड़ित छात्र साहिल और उनकी मां डीसीपी से मिले।
  • 12.30 PM: डीसीपी मुख्यालय से निकलकर राहुल गांधी थाने के बाहर फर्श पर बैठकर धरना देने लगे।
  • 1:35 PM: संसद मार्ग थाने की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Delhi Police का क्या कहना था?

दिल्ली पुलिस का कहना था कि 20 जुलाई की घटना से जुड़े मामले पहले से क्राइम ब्रांच की जांच के दायरे में हैं। पुलिस के मुताबिक साहिल की शिकायत भी जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेजी जा सकती थी। पुलिस ने पैलेट गन चलाने के आरोप से इनकार किया है। इसलिए FIR दर्ज होने के बाद अब जांच का अहम सवाल यही होगा कि साहिल को लगी चोटों के लिए जिम्मेदार कौन है और घटना के दौरान वास्तव में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल हुआ था।

करीब छह घंटे बाद दर्ज हुई FIR

राहुल गांधी ने FIR दर्ज होने तक धरना खत्म नहीं करने की बात कही थी। करीब 6 घंटे से ज्यादा चले इस घटनाक्रम के बाद दिल्ली पुलिस ने साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि FIR दर्ज होना न्याय की दिशा में पहला कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी शिकायत दर्ज करना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऊपर से निर्देश दिए जा रहे थे। यह राहुल गांधी का आरोप है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

BJP ने राहुल गांधी के प्रदर्शन पर क्या कहा?

राहुल गांधी के धरने पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इसे छात्रों के न्याय से ज्यादा राजनीतिक प्रदर्शन और मीडिया का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश बताया। नड्डा ने कहा कि 20 जुलाई की घटना की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक 5 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला पहले से जांच के दायरे में है, तो राहुल गांधी पुलिस थाने के बाहर धरना देकर क्या हासिल करना चाहते हैं। बीजेपी ने राहुल गांधी के प्रदर्शन को लेकर 'अराजकता की राजनीति' जैसे आरोप भी लगाए हैं।

अब जांच में क्या-क्या पता चलेगा?

FIR दर्ज होने के बाद जांच में मुख्य रूप से इन सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे...

  • साहिल को चोट किस परिस्थिति में लगी?
  • उसके शरीर में मिले छर्रे किस हथियार के हैं?
  • क्या पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ था?
  • अगर हुआ तो इसे किसने चलाया?
  • घटना के समय कौन-कौन से पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर तैनात थे?
  • CCTV, बॉडी कैमरा और ड्रोन फुटेज में क्या रिकॉर्ड हुआ?
  • मेडिकल रिपोर्ट और FSL जांच क्या बताती है?
  • क्या किसी अधिकारी ने पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश दिया था?
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+