'PM की बुजदिल चुप्पी ही उनका बयान है...', अरुणाचल से युवक के अपहरण मामले पर भड़के राहुल गांधी
'PM की बुजदिल चुप्पी ही उनका बयान है...', अरुणाचल से युवक के अपहरण मामले पर भड़के राहुल गांधी
नई दिल्ली, 20 जनवरी: चीनी सेना द्वारा अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियांग जिले से एक 17 वर्षीय लड़के मीराम तारौन का अपहरण करने की खबरों के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी को ' बुजदिल' कहा है। एक दिन पहले इस बात की जानकारी भाजपा सांसद तपीर गाओ ने दी है। सांसद तपीर गाओ ने आरोप लगाया कि चाइना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने पूर्वोत्तर राज्य के लुंगटा जोर इलाके से एक लड़के का अपहरण कर लिया है।

'PM की बुजदिल चुप्पी ही उनका बयान है...'
राहुल गांधी ने 20 जनवरी को ट्वीट करते हुए कहा, ''गणतंत्र दिवस से कुछ दिन पहले भारत के एक भाग्य विधाता का चीन ने अपहरण किया है- हम मीराम तारौन के परिवार के साथ हैं और उम्मीद नहीं छोड़ेंगे, हार नहीं मानेंगे। पीएम की बुजदिल चुप्पी ही उनका बयान है, उन्हें फर्क नहीं पड़ता!''

'दोस्त भाग गया लेकिन वो फंस गया..'
भाजपा सांसद तपीर गाओ ने लोअर सुबनसिरी जिला मुख्यालय जीरो से फोन पर समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि मीराम तारौन का दोस्त जॉनी यायिंग भागने में सफल रहा और उसने अपहरण के बारे में अधिकारियों को सूचित किया। सांसद ने पीटीआई को बताया कि टैरोन और यायिंग दोनों स्थानीय शिकारी हैं।

BJP सांसद ने PM मोदी और गृह मंत्री से की ये अपील
भाजपा सांसद तपीर गाओ ने पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय सेना को टैग करते हुए कहा, "भारत सरकार की सभी एजेंसियों से उनकी जल्द रिहाई के लिए कदम बढ़ाने का अनुरोध किया जाता है।" सितंबर 2020 में पीएलए ने ऊपरी सुबनसिरी जिले से पांच लड़कों का अपहरण कर लिया था। एक हफ्ते बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications