BJP के घृणा से भरे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की मजबूत उपलब्धि, बांग्लादेश भारत से आगे निकला: राहुल गांधी
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने देश की अर्थव्यवस्था और लोगों की गिरती आय को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया है। राहुल गांधी ने देश की पर कैपिटा जीडीपी को लेकर जो आंकड़े सामने आए हैं, उसको लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 6 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी के घृणा से भरे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की की मजबूत उपलब्धि ये है कि बांग्लादेश भारत से आगे चला गया है। राहुल गांधी ने 1981 से 2020 के बीच भारत, बांग्लादेश और नेपाल के बीच पर कैपिटा जीडीपी की की तुलना का एक ग्राफ साझा किया है, जोकि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की ओर से जारी किया गया है, इसमे तीनों ही देशों की प्रस्तावित पर कैपिटा जीडीपी का अनुमान लगाया गया है।
Recommended Video
दरअसल इस वित्तीय वर्ष में बांग्लादेश प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद के मामले में भारत से आगे निकलने की तैयारी में है। इसकी एक बड़ी वजह कोरोना वायरस है। कोरोना के दौरान लॉकडाउन के चलते भारत की अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचा और इसमे बड़ा संकुचन आया है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक के अनुसार वर्ष 2020 में बांग्लादेश की प्रति व्यक्ति जीडीपी भारत से आगे निकलकर 1888 डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है वहीं भारत की बात करें तो भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी 10.5 फीसदी से कम होकर 1877 डॉलर तक पहुंच सकती है। यह पिछले 4 साल का सबसे कम स्तर होगा।
बता दें कि भारत और बांग्लादेश के संदर्भ में यह आंकड़ा मौजूदा कीमतों पर आधारित है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण एशिया में भारत सबसे गरीब देश बनने की ओर बढ़ रह है। मौजूदा समय में सिर्फ पाकिस्तान और नेपाल की प्रति व्यक्ति जीडीपी भारत से कम होगी, जबकि बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका, मालदीव जैसे देश भारत से आगे निकल सकते हैं।