नागपुर से दिल्ली आ रही राहुल गांधी की फ्लाइट जयपुर डायवर्ट, कोहरे के कारण रास्ता बदला
Rahul Gandhi Flight diverted: महाराष्ट्र के नागपुर में कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिल्ली लौट रहे राहुल गांधी की फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण राहुल गांधी की नागपुर से दिल्ली आ रही फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली हवाई अड्डे पर दृश्यता की समस्या के चलते राहुल गांधी की नागपुर से दिल्ली जाने वाली उड़ान को जयपुर डायवर्ट किया गया।

कोहरे के कारण फ्लाइट की डायवर्ट
दिल्ली में घने कोहरे का असर फ्लाइट और ट्रेन पर पड़ रहा है। इस समय भी राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी हुई है। इंदिरा गांधी हवाईअड्डे के आसपास के इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम है। जिसका सबसे ज्यादा असर यातायात पर पड़ रहा है।
ऐसे में नागपुर-दिल्ली फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया है। इस उड़ान में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी सवार थे, जिसके बाद कम विजिबिलिटी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट को ना उतारकर जयपुर की तरफ मोड दिया।
कांग्रेस के कार्यक्रम में नागपुर गए थे राहुल गांधी
बता दें कि गुरुवार (28 दिसंबर) को नागपुर में कांग्रेस ने अपने 139वें स्थापना दिवस के मौके पर नागपुर में 'हैं तैयार हम' रैली का आयोजन किया था, जिसमें शामिल होने के लिए राहुल गांधी नागपुर में थे। जहां उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश में अब दो विचारधाराओं की लड़ाई है।
इसी के साथ राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा में गुलामी चलती है। उन्होंने एक घटना का भी जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी में राजाओं की तरह ऊपर से आदेश आता है, जिसका पालन करना होता है।
घने कोहरे का फ्लाइट्स पर पड़ रहा असर
उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में शीतलहर के साथ घना कोहरे भी छाने लगा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली बीते कई दिनों से घने कोहरे की चपेट में है।
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली हवाई अड्डे पर तीसरे दिन गुरुवार (28 दिसंबर) को कम दृश्यता के कारण कई उड़ानों को संचालन प्रभावित हुआ है। लगभग 60 उड़ानों को डायवर्ट किया गया और कई उड़ानों में देरी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications