'अमित शाह ने छात्रों को पिटवाया', गृहमंत्री पर राहुल गांधी ने लगाए गंभीर आरोप, PM मोदी पर भी कही बड़ी बात
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान 20 जुलाई को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद देश का सियासी पारा चढ़ गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता और सांसद राहुल गांधी ने सीधे गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। राहुल ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस की लाठियां सीधे अमित शाह के इशारे पर चली हैं। इसलिए सिर्फ शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के हटने से बात नहीं बनेगी।
राहुल गांधी की मांग है कि गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र को भी इस्तीफा देना चाहिए। राहुल गांधी ने देश के एजुकेशन और टेस्टिंग सिस्टम को पूरी तरह खोखला करार दिया है। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज लाचार महसूस कर रहा है और सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय लाठियां बरसा रही है।

'अमित शाह और PM दोनों इस्तीफा दें', बोले राहुल गांधी
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर बात करते हुए राहुल गांधी ने साफ किया कि पुलिस और दिल्ली प्रशासन गृह मंत्रालय के तहत काम करता है। इसलिए असली जिम्मेदार गृह मंत्री हैं। राहुल गांधी ने कहा,
"अमित शाह के इशारे पर पुलिस ने छात्रों को पीटा है। इसलिए सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा काफी नहीं है। गृह मंत्री अमित शाह को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और इसकी अंतिम नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पद छोड़ना चाहिए। पीएम को तुरंत देश के छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।"
लाठीचार्ज में जख्मी हुए छात्रों से मिलेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं के लिए कमाई के बाकी सभी रास्ते पहले ही बंद हो चुके थे। सिर्फ प्रतियोगी परीक्षाओं का एक सहारा बचा था, उसे भी पेपर लीक से तबाह कर दिया गया। राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया, "शिक्षा व्यवस्था पर आरएसएस ने कब्जा जमा लिया है और उनके प्रचारकों को यूनिवर्सिटीज का कुलपति बनाया जा रहा है।
दूसरी तरफ बड़े उद्योगपतियों का दबदबा बढ़ रहा है। युवाओं के पास इतना फंड भी नहीं है कि वे छोटा-मोटा काम शुरू कर सकें। मैं बहुत जल्द खुद जख्मी छात्रों से मिलने जाऊंगा।"
अखिलेश यादव बोले- 'हिटलर राज जैसे हालात, सिर फोड़े गए'
समाजवादी पार्टी (सपा) के चीफ अखिलेश यादव ने भी जंतर-मंतर और दिल्ली की सड़कों पर हुई हिंसा को लेकर सरकार को घेरा है। अखिलेश ने कहा कि आजादी के बाद देश के छात्रों के साथ ऐसा बर्बर बर्ताव कभी नहीं देखा गया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोलते हुए कहा,
"सिविल ड्रेस में आए लोगों ने लाठियों से छात्रों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। कई युवाओं की हड्डियां टूट गईं और सिर फट गए। यह व्यवहार बिल्कुल हिटलर के दौर जैसा है। यूपी में ही अब तक 20 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं। सरकार अपने मंत्रियों का इस्तीफा इसलिए नहीं ले रही क्योंकि उसे डर है कि इस्तीफा होते ही सारे पुराने राज बाहर आ जाएंगे।"
संसद मार्च के बाद तेज हुई सियासत!
सोमवार 20 जुलाई को CJP के नेतृत्व में हुए संसद मार्च के दौरान कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ था। इसके बाद विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया।
अब राहुल गांधी और अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल ने इसे युवाओं के भविष्य और परीक्षा व्यवस्था से जोड़ते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। वहीं सरकार पहले ही कह चुकी है कि पेपर लीक मामलों में कार्रवाई जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे।


Click it and Unblock the Notifications
