पंजाब में किसानों की रैली में शामिल हो सकते हैं राहुल गांधी, हरियाणा में कांग्रेस को इस बात का डर
नई दिल्ली: संसद में पास तीनों कृषि विधेयकों पर राष्ट्रपति ने हस्ताक्षर कर दिए। जिसके बाद अब ये कानून पूरे देश में लागू हो गया है। ऐसे में धीरे-धीरे किसानों का आंदोलन और तेज होता दिख रहा है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि इस हफ्ते कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी पंजाब में हो रहे प्रदर्शनों का नेतृत्व कर सकते हैं। इसके लिए कांग्रेस के नेता जोरशोर से तैयारियां कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी पंजाब में एक रैली को संबोधित कर सकते हैं। जिसकी तारीख और स्थान को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके बाद हरियाणा के किसान आंदोलन में भी वो शामिल हो सकते हैं। हालांकि कांग्रेस नेताओं को डर है कि हरियाणा की बीजेपी सरकार राज्य में उनकी एंट्री रोक सकती है। इसके लिए कोरोना महामारी को भी वजह बताई जा सकती है।
Recommended Video
विदेश से लौटे आए हैं राहुल
आपको बता दें कि सोनिया गांधी थोड़ा अस्वस्थ महसूस कर रहीं थी, ऐसे में उनके रूटीन चेकअप के लिए राहुल गांधी 12 सितंबर को अपनी मां के साथ विदेश गए थे। इसी दौरान संसद में मोदी सरकार ने कृषि संबंधित तीन बिल पास करवा दिए। इस दौरान राहुल संसद में मौजूद तो नहीं थे लेकिन वो लगातार ट्विटर के जरिए मोदी सरकार पर निशाना साधते रहे। अब वो वापस देश लौट आए हैं, ऐसे में उम्मीद है अब किसान आंदोलन में हिस्सा ले सकते हैं।
ट्वीट कर साधा निशाना
इससे पहले राहुल गांधी की ओर से एक वीडियो संदेश जारी किया गया था। जिसमें उन्होंने कहा कि देश के किसानों को मेरा नमस्कार...आप पर तेजी से आक्रमण चालू है। सबसे पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी और उसके बाद कोरोना के समय आपको एक रुपया भी नहीं दिया गया। आपको मारने की कोशिश की जा रही है, आपको गुलाम बनाया जा रहा है। कॉरपोरेट्स का गुलाम बनाया जा रहा है। अब ये तीन भयंकर कानून, आपको खत्म करने के लिए कानून, आपके पैर में कुल्हाड़ी मारने वाले कानून लाया गया है। हम आपके साथ खड़े हैं और इन कानूनों को हम रोकेंगे, मिलकर रोकेंगे।









Click it and Unblock the Notifications