राफेल डील भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा में एक गेम चेंजर, दुनिया के बेस्ट एयरक्राफ्ट में से एक: रक्षा मंत्री
नई दिल्ली। फ्रांस से आए 5 राफेल विमान अंबाला वायुसेना स्टेशन पर औपचारिक तौर पर भारतीय वायुसेना में शामिल हो गए हैं। इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, वायुसेना में राफेल का शामिल होना एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। राफेल का भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल होना भारत और फ्रांस के बीच के प्रगाढ़ संबंधों को भी दर्शाता है। भारत और फ्रांस लंबे समय से आर्थिक,सांस्कृतिक, राजनीतिक,रणनीतिक साझेदार रहे हैं।
Recommended Video
गौरतलब है कि भारत-चीन सीमा विवाद के बीच फ्रांस ने हाल ही में राफेल विमानों की पहली खेप भारतीय वायुसेना को सौंपी थी। इन विमानों को हरियाणा के अंबाला एयरबेस पर रखा गया था। गुरुवार को सभी पांच राफेल विमानों को औपचारिक तौर पर भारतीय वायुसेना में शामिल कर दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने आगे कहा, हमारे मित्र देश फ्रांस के साथ राफेल डील भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा में एक गेम चेंजर है। इसका लॉन्ग रेंज ऑपरेशन, अपने वजन के बराबर सामान और अतिरिक्त फ्यूल रखने की क्षमता और तेज स्पीड जैसी खूबियां इसे बेस्ट एयरक्राफ्ट में से एक बनाती हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा, 'आज राफेल का इंडक्शन पूरी दुनिया, खासकर हमारी संप्रभुता की ओर उठी निगाहों के लिए एक बड़ा और कड़ा संदेश है। हमारी सीमाओं पर जिस तरह का माहौल हाल के दिनों में बना या बनाया गया है उनके लिहाज से ये इंडक्शन बहुत ही अहम है।' उन्होंने कहा, 'ये अपनी सीमा सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का भी एक बड़ा उदाहरण प्रस्तुत करता है।'
भारत के रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान और चीन का नाम लिए बिना ही उनको कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, 'रक्षा की मजबूती के पीछे हमारा उद्देश्य हमेशा से विश्व शांति की कामना रहा है और आज भी है। इस राह में हमारा देश कोई भी ऐसा कदम न उठाने के लिए प्रतिबद्ध है जिससे कहीं भी शांति भंग हो। ये ही अपेक्षा हम अपने पड़ोसी और दुनिया के बाकी देशों से भी करते हैं।' बता दें कि अंबाला वायुसेना स्टेशन पर राफेल विमानों के भारतीय वायुसेना में शामिल होने के कार्यक्रम में सर्व धर्म पूजा कराई गई इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले भी मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें: Video: अंबाला के आसमान में एक साथ दहाड़े IAF के फाइटर जेट्स राफेल, SU-30 और जगुआर