सुबह-सुबह घर पहुंची पंजाब पुलिस तो कुमार विश्वास ने भगवंत मान को दी हिदायत
नई दिल्ली, 20 अप्रैल। आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और लोकप्रिय कवि कुमार विश्वास के घर पर आज सुबह पंजाब की पुलिस पहुंची है। खुद कुमार विश्वास ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी है। कुमार विश्वास ने तस्वीरें ट्वीट करके लिखा, सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है। एक समय, मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूं कि तुम, दिल्ली में बैठे जिस आदमी को, पंजाब के लोगों की दी हुई ताक़त से खेलने दे रहे हो वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा।देश मेरी चेतावनी याद रखे।

गौर करने वाली बात है कि पंजाब में विधानसभा चुनाव के दौरान कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया था कि उन्होंने देश को तोड़ने की बात की थी। इसपर उन्होंने केजरीवाल से जवाब भी मांगा था। लेकिन कुमार विश्वास के इस आरोप के बाद केजरीवाल ने खुद को स्वीट आतंकी बताया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि मैं सबसे स्वीट आतंकी हूं जो बच्चों के लिए स्कूल बनवा रहा है, मरीजों के लिए अस्पताल बनवा रहा है।
कुमार विश्वास के बयान के खिलाफ पंजाब पुलिस की तरह से मोहाली में साइबर क्राइम सेल में केस दर्ज कराया गया था। कुमार विश्वास से पहले दिल्ली भाजपा नेता तेजिंदर बग्गा, नवीन कुमार जिंदल और प्रीति गांधी पर भी पंजाब पुलिस केस दर्ज कर चुकी है। जब केजरीवाल से पूछा गया कि पंजाब में भाजपा नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है तो उन्होंने कहा कौन है तेजिंदर बग्गा, मैं नहीं जानता हूं।