पंजाब: होटल में बीजेपी नेताओं को प्रदर्शनकारी किसानों ने घेरा, बड़ी मुश्किल से निकलकर भागे
Punjab Farmers Protest: नए कृषि कानून के खिलाफ पंजाब-हरियाणा के किसानों का प्रदर्शन जारी है। केंद्र सरकार ने कई बार बातचीत की कोशिश की लेकिन किसान नए कानून को वापस लेने की मांग पर अड़े हैं। इस बीच पंजाब के फगवाड़ा (Phagwara) में किसानों ने एक होटल में बीजेपी नेताओं को घेर लिया, जिस वजह से उनको पिछले दरवाजे से भागना पड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसानों ने स्थानीय बीजेपी नेता पर गंभीर आरोप भी लगाए।

दरअसल पंजाब के फगवाड़ा में बीजेपी नेताओं के एक समूह ने अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर एक होटल में कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम शुरू हुआ इसी दौरान वहां पर भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) से जुड़े किसान पहुंच गए और होटल को घेरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेताओं ने तुरंत पुलिस से मदद मांगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने किसी तरह किसानों को रोकते हुए बीजेपी नेताओं को पीछे के दरवाजे से बाहर निकाला।
वहीं बीजेपी महिला इकाई की जिला अध्यक्ष भारती शर्मा कई नेताओं के साथ कार्यक्रम में शामिल होने होटल पहुंचीं, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन्हें अंदर ही नहीं जाने दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये होटल एक बीजेपी नेता का है, जो वहां पर एक कंपनी चलाते हैं। ये कंपनी मवेशी और चिकन फीड की आपूर्ति करती है। उन्होंने बीजेपी नेता की कंपनी के उत्पादों का बहिष्कार करने की बात कही। वहीं एक अन्य किसान नेता ने बताया कि बीजेपी नेता किसान आंदोलन को कमजोर करने की साजिश रच रहे थे। जिस वजह से उन्होंने वहां पर प्रदर्शन किया।
सिंघु बॉर्डर पर हटे किसान
पिछले एक महीने से किसानों का आंदोलन जारी है। पंजाब-हरियाणा के किसानों ने दिल्ली कूच किया था, लेकिन उन्हें रामलीला मैदान और संसद भवन के पास प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिली। ऐसे में उन्होंने सिंघु बॉर्डर, चिल्ली बॉर्डर समेत दिल्ली की तमाम सीमाओं पर मोर्चा संभाल रखा है। किसानों ने साफ कर दिया है कि वो एक साल का राशन लेकर आए हैं, ऐसे में जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मानती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications