कोरोना योद्धा ACP अनिल कोहली के बेटे को पंजाब सरकार ने बनाया सब-इंस्पेक्टर
नई दिल्ली। पंजाब सरकार ने मरहूम एसीपी अनिल कोहली के बेटे को सब-इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति दी है। अनिल कोहली की कोरोना संक्रमण के चलते 18 अप्रैल को मौत हो गई थी। आज (29 अप्रैल) पंजाब पुलिस के डीजीपी ने अपने बयान में कहा है, पंजाब सीएम अमरिंदर सिंह ने कोरोना वॉरियर अनिल कोहली के बेटे पारस की सब-इंस्पेक्टर पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। जिसके बाद मैंने उनका अपॉइंटमेंट लेटर साइन कर दिया है। स्नातक पूरा होते ही वो पद संभाल लेंगे।

कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद लुधियाना के एसीपी अनिल कोहली अपोलो अस्पताल में भर्ती किए गए थे। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। कोहली की मौत के बाद मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर उनके कुछ दिन पहले कोरोना एसीपी पॉजिटिव आने की जानकारी दी थी और दुख जाहिर किया था। सीएम ने उनके परिवार को हर संभव मदद और 50 लाख की राशि देने का भी ऐलान किया था।
अनिल कोहली कोरोना के खिलाफ जंग में अपनी ड्यूटी निभाने के दौरान इस वायरस की चपेट में आए थे और तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती किए गए थे। उनको प्लाजमा थेरेपी दिए जाने की भी तैयारी की जा रही थी लेकिन थेरेपी शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी।
बता दें कि देशभर में पुलिसकर्मियों, डॉक्टरों और दूसरे कोरोना वारियर्स का संक्रमित होने का सिलसिला लगातार जारी है। देश के अलग-अलग शहरों में पुलिसकर्मी और डॉक्टर संक्रमित हुए हैं। वहीं देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 31 हजार के पार पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बुधवार को 31,332 हो गई है और 1007 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में इस समय 22,629 एक्टिव केस हैं यानी इन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 7696 मरीज रिकवर हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications