Puducherry Election 2026: कौन है रोबोट ‘नीला'? पुडुचेरी चुनाव में साड़ी पहन पोलिंग बूथ पर खींचा सबका ध्यान
Puducherry Election 2026: पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 9 अप्रैल को सुबह से ही मतदान जारी है, लेकिन इस बार मतदान केंद्रों पर केवल सुरक्षाकर्मी और चुनाव अधिकारी ही नहीं, बल्कि एक 'हाई-टेक' मेहमान भी मतदाताओं का स्वागत कर रहा है।
पुडुचेरी के वीओसी (VOC) गवर्नमेंट स्कूल स्थित पोलिंग बूथ पर साड़ी पहने एक ह्यूमनॉइड रोबोट 'नीला' को तैनात किया गया है, जो आने वाले मतदाताओं का अभिनंदन कर रही है।। इस पहल ने न सिर्फ वोटर्स का ध्यान खींचा, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को भी दर्शाया।

Who Is Robot Nila: कौन है 'नीला' रोबोट, क्यों हैं इतना खास? अंग्रेजी और तमिल में करती है बातचीत
'नीला' एक इवेंट-आधारित इंटरैक्टिव ह्यूमनॉइड रोबोट है, जिसे कोयंबटूर की कंपनी Robo Mirror ने विकसित किया है। यह रोबोट खासतौर पर शादियों, सरकारी कार्यक्रमों और अब चुनाव जैसे आयोजनों में लोगों का स्वागत करने और उन्हें जानकारी देने के लिए तैयार किया गया है। Robo Mirror के प्रतिनिधि कौशिक ने ANI से बातचीत करते हुए कहते हैं- इस रोबोट का नाम 'नीला' है।
यह एक इवेंट-बेस्ड रोबोट है, जिसे अलग-अलग मौकों पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें वॉइस फीचर है और यह खुद बोल सकती है। हम इसमें कमांड फीड करते हैं, जो आसपास मौजूद लोगों को सुनाई देता है। यहां यह मतदाताओं का स्वागत कर रही है।
'नीला' रोबोट की खास बात यह है कि यह अंग्रेजी और तमिल दोनों भाषाओं में संवाद कर सकती है। जैसे ही मतदाता पोलिंग बूथ पर पहुंचते हैं, यह रोबोट उन्हें स्वागत संदेश देती है और मतदान के लिए प्रेरित करती है। इसकी उपस्थिति ने खासकर युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों के बीच उत्साह बढ़ाया।
पुडुचेरी में सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान, कितने हैं मतदाता?
पुडुचेरी में 9 अप्रैल को सुबह 7 बजे से 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान शुरू हो गया। इसके साथ ही केरल और असम में भी वोटिंग जारी है। यह चरण इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
पुडुचेरी में कुल 10,14,070 मतदाता हैं, जिनमें 5,39,125 महिलाएं, 4,74,788 पुरुष और 157 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं। इनमें 24,156 वोटर्स पहली बार (18-19 वर्ष) वोट डाल रहे हैं और 6,034 मतदाता 85 वर्ष से अधिक आयु के हैं। बता दें कि चुनाव के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव में तकनीक और लोकतंत्र का अनोखा संगम
पुडुचेरी में 'नीला' रोबोट की तैनाती यह दिखाती है कि भारत में चुनावी प्रक्रिया अब धीरे-धीरे तकनीक के साथ आगे बढ़ रही है। इससे न केवल मतदाताओं को एक नया अनुभव मिला, बल्कि मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिली।
पुडुचेरी चुनाव 2026 में यह अनोखा प्रयोग चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भविष्य में देश के अन्य हिस्सों में भी इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications