Profile: जानिए कौन हैं महाराष्ट्र भाजपा के नए अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल
मुंबई। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में फेरबदल करते हुए चंद्रकांत पाटिल को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पहले रावसाहब दानवे पाटिल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे। जिनकी जगह अब चंद्रकांत पाटिल लेंगे। पाटिल महाराष्ट्र सरकार में राजस्व और लोक निर्माण मंत्री हैं। चंद्रकांत पाटिल को संगठनात्मक कौशल के लिए भी जाना जाता है। प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि इसी को देखते हुए पाटिल को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी गई है।

चंद्रकांत पाटिल 2014 से एमएलसी हैं। 2014 में वो पहली बार एमएलसी चुने गए थे। 2016 में उनको राज्य सरकार में मंत्री बनाया गया। उनके पास राजस्व और लोक निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय हैं। साथ ही अब उनके पास भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी है। बता दें कि बीते साल हिंसक होते दिख रहे मराठा आंदोलन को खत्म कराने में चंद्रकांत पाटिल की बड़ी भूमिका थी।
पाटिल कोल्हापुर से आते हैं। उनका पश्चिमी महाराष्ट्र में बड़ा प्रभाव माना जाता है। वो कोल्हापुर और पुणे के गार्जियन मिनिस्टर भी हैं। पाटिल छात्र जीवन से ही आरएसएस से प्रभावित रहे हैं। उनको अमित शाह का करीबी माना जाता है। चंद्रकांत पाटिल ने 1980 में राजनीति की शुरुआत राष्ट्रीय स्ंवयसेवक संघ की छात्र शाखा एबीवीपी से जुड़कर की थी। लंबे समय तक वो एबीवीपी से जुड़े रहे। इसके बाद उन्होंने आरएसएस में एंट्री मारी और आरएसएस से वो भाजपा में आए। 2004 में भाजपा पाटिल भाजपा में आए और धीरे-धीरे प्रदेश की राजनीति का बड़ा चेहरा बन गए।












Click it and Unblock the Notifications