लोकसभा चुनाव 2019- बेगूसराय लोकसभा सीट के बारे में जानिए
नई दिल्ली: बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से भाजपा के दिग्गज नेता भोला सिंह सांसद थे, जिनका साल 2018 में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। फिलहाल ये सीट अभी रिक्त है क्योंकि आम चुनाव निकट होने की वजह से यहां उपचुनाव नहीं हुआ है। गौरतलब है कि साल 2014 में इस सीट पर भोला सिंह ने राजद के प्रत्याशी तनवीर हसन को हराकर यहां बीजेपी का खाता खोला था।

बेगूसराय लोकसभा सीट का इतिहास
मध्य बिहार में स्थित बेगूसराय 1972 में पहली बार स्वतंत्र जिला बना था, इसे बिहार के औद्योगिक नगर के रूप में जाना जाता है। यहां मुख्य रूप से तीन बड़े उद्योग बरौनी तेलशोधक कारखना, बरौनी थर्मल पावर स्टेशन और हिंदुस्तान फर्टिलाइजर लिमिटेड हैं। लेकिन फिर भी ये विकास के पथ पर बहुत धीमी चाल से आगे बढ़ रहा है। बेगूसराय हमारे राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि है। साल 2011 की जनगणना के मुताबिक यहां की जनसंख्या 2,970,541 है, जिनमें पुरुषों की संख्या 1,567,660 और महिलाओं की संख्या 1,402,881 है।
साल 1952 में यहां पहली बार आम चुनाव हुए थे जिसे कि कांग्रेस के मथुरा प्रसाद मिश्रा ने जीता था और वो यहां के पहले सांसद बने थे, इसके बाद 1957 और 1962 में भी वो यहां से एमपी चुने गए, साल 1967 में कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के योगेंद्र शर्मा यहां के सांसद बने लेकिन साल 1971 में यहां कांग्रेस की वापसी हुई और श्याम नंदन मिश्रा यहां के एमपी चुने गए, वो 1977 के चुनाव में भी यहां से विजयी हुए थे, साल 1980 और 1984 में यहां कांग्रेस का ही वर्चस्व रहा। 1989 के चुनावों में यहां जनता दल का खाता खुला और ललित विजय सिंह यहां से जीतकर लोकसभा पहुंचे, साल 1991 के चुनावों में यहां कांग्रेस की जीत हुई, साल 1996 में यहां निर्दलीय नेता रमेंद्र कुमार विजयी हुए लेकिन साल 1998 में यहां कांग्रेस के राजो सिंह जीते इसके बाद 1999 में यहां राजद की जीत हुई लेकिन साल 2004 के चुनाव में यहां से जेडीयू के दिग्गज नेता राजीव रंजन सिंह को विजय हासिल हुई, साल 2009 में भी ये सीट जेडीयू के ही पास रही लेकिन साल 2014 में यहां पर पहली बार कमल खिला और बीजेपी के भोला सिंह यहां से जीतकर लोकसभा पहुंचे।
साल 2014 के चुनावों पर इस सीट पर नंबर 2 पर आरजेडी, नंबर 3 पर सीपीआई और नंबर 4 पर आईएनडी थी। उस साल यहां पर मतदाताओं की संख्या 17 लाख 78 हजार 759 थी, जिसमें से केवल 10 लाख 77 हजार 855 लोगों ने अपने मतों का प्रयोग किया था, जिनमें पुरुषों की संख्या 5 लाख 46 हजार 41 थी तो वहीं महिलाओं की संख्या 5 लाख 31 हजार 814 थी। बेगुसराय में 85 प्रतिशत हिंदू और 13 प्रतिशत मुस्लिमों की आबादी है।
2014 में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में भूमिहार जाति से आने वाले भोला सिंह भाजपा के टिकट से चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, पिछले चुनाव में जदयू ने सीपीआई को समर्थन किया था तो वहीं इस बार जदयू, भाजपा के साथ है, यहां पांच लाख से ज्यादा भूमिहार वोटर है। यादव और मुसलमान मतदाताओं की संख्या दो-दो लाख मानी जाती है। इस क्षेत्र से दो बार गैर भूमिहार चुनाव जीतने में सफल हुए हैं। भोला सिंह की मृत्यु के बाद इस क्षेत्र का उत्तराधिकारी कौन होगा इस पर अब सबकी नजर है, जानकारों का मानना है कि इस बार भी भूमिहार वोटर ही इस सीट का भाग्य तय करेंगे देखते हैं वो इस बार किसके लिए बटन दबाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications