कौन हैं प्रो. असीम घोष, गजपति राजू, कविंदर गुप्ता? जिन्हें राष्ट्रपति ने राज्यपाल और उपराज्यपाल नियुक्त किया
New Governors Appointed in India: देश के संवैधानिक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तीन महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियाँ की हैं। प्रो. असीम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, वहीं पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल बनाया गया है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल ब्रिगेडियर (डॉ.) बी.डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त) द्वारा दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।

Who is Kavinder Gupta- कौन हैं कविंदर गुप्ता?
कविंदर गुप्ता बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता हैं। वे जम्मू-कश्मीर की राजनीति में एक जाना-पहचाना चेहरा हैं और कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। उनका राजनीतिक जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ाव के साथ शुरू हुआ और उन्होंने युवावस्था में ही राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी थी।
कविंदर गुप्ता जम्मू नगर निगम के तीन बार महापौर रह चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसके बाद वे 2014 में जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में गांधीनगर सीट से विधायक चुने गए और राज्य विधानसभा के स्पीकर बने। वर्ष 2018 में उन्हें जम्मू-कश्मीर का उपमुख्यमंत्री बनाया गया, हालांकि यह कार्यकाल लंबा नहीं रहा क्योंकि गठबंधन सरकार कुछ ही समय बाद टूट गई। उनकी छवि एक अनुशासित, संगठन-निष्ठ और जमीन से जुड़े नेता की रही है।
Who is Ashok Gajapathi Raju- कौन हैं अशोक गजपति राजू?
पुसापति अशोक गजपति राजू तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के वरिष्ठ नेता और अनुभवी राजनीतिज्ञ हैं। उनका जन्म आंध्र प्रदेश के प्रतिष्ठित विजयनगरम राजपरिवार में हुआ था। उन्होंने अपना राजनीतिक सफर 1978 में जनता पार्टी से शुरू किया और बाद में 1982 में एनटी रामाराव द्वारा स्थापित तेलुगु देशम पार्टी से जुड़ गए। वह कई बार आंध्र प्रदेश विधानसभा के लिए चुने गए और राज्य में वाणिज्य कर, उत्पाद शुल्क, वित्त और राजस्व जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं।
वर्ष 2014 में अशोक गजपति राजू ने केंद्र सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री के रूप में शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में यह एक अहम जिम्मेदारी थी, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। उनके कार्यकाल के दौरान देश में विमानन क्षेत्र के विस्तार और नए एयरपोर्ट्स के विकास को गति मिली। सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। वे विजयनगरम की शैक्षणिक संस्था MANSAS (Maharaja Alak Narayana Society for Arts and Science) से जुड़े रहे हैं और लंबे समय तक उसके अध्यक्ष भी रहे। यह संस्था शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में काम करती है।
Who is Prof. Asim Kumar Ghosh- कौन हैं प्रो.असीम कुमार घोष?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रोफेसर असीम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। वे मौजूदा राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की जगह लेंगे। असीम घोष पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक जानी-पहचानी शख्सियत हैं और लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं।
- असीम घोष हावड़ा (पश्चिम बंगाल) के मूल निवासी हैं।
- वे 1999 से 2002 तक पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे, जब राज्य में पार्टी की मौजूदगी को मजबूत करने की चुनौती थी।
- उन्होंने 2023 में हावड़ा लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी के रूप में हिस्सा लिया था, हालांकि उन्हें जीत नहीं मिल सकी।
- असीम घोष शिक्षा और संगठन में गहरी पकड़ रखने वाले व्यक्ति माने जाते हैं और पार्टी के भीतर एक बुद्धिजीवी चेहरे के रूप में उनकी पहचान है।












Click it and Unblock the Notifications