'BJP कुश्ती संघ को भंग करने की झूठी खबर फैला रही', प्रियंका ने साधा निशाना
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के निलंबन को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार कुश्ती संघ को भंग करने की झूठी खबर फैला रही है। कुश्ती संघ को भंग नहीं किया गया है, सिर्फ उसकी गतिविधियों को रोका गया है। ताकि, भ्रम फैलाकर आरोपी को बचाया जा सके। एक पीड़ित महिला की आवाज दबाने के लिए इस स्तर पर जाना पड़ रहा है?
प्रियंका ने आगे कहा कि देश को गौरवान्वित करने वाली नामचीन खिलाड़ियों ने बीजेपी सांसद पर यौन शोषण का आरोप लगाया तो सरकार आरोपी के साथ खड़ी हो गई। पीड़िताओं को प्रताड़ित और आरोपी को पुरस्कृत किया। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। महिला पहलवानों से आंदोलन वापस लेने की एवज में दिए गए आश्वासन को गृहमंत्री भूल गए।

'अहंकार की पराकाष्ठा'
प्रियंका ने यह भी कहा कि अहंकार की पराकाष्ठा यह कि जिस बीजेपी सांसद पर महिला खिलाड़ियों के यौन शोषण का आरोप है, उसने खुद ये भी फैसला करवा लिया कि अगला नेशनल गेम उसी के जिले में, उसी के कॉलेज ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस अंधेरगर्दी और अन्याय से हारकर ओलंपिक विजेता साक्षी मलिक ने कुश्ती ही छोड़ दी, खिलाड़ी अपने पुरस्कार वापस करने लगे तो सरकार अफवाह फैला रही है।
प्रियंका ने कहा कि जहां भी किसी महिला पर अत्याचार होता है, यह सरकार अपनी पूरी सत्ता की ताकत के साथ आरोपी को बचाती है और पीड़ित को ही प्रताड़ित करती है। आज हर क्षेत्र में महिला नेतृत्व की बात होती है। लेकिन, सत्ता में बैठे लोग ही आगे बढ़ रही महिलाओं को प्रताड़ित करने, दबाने और हतोत्साहित करने में लगे हैं। देश की जनता, देश की महिलाएं यह सब देख रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications