अभिजीत बनर्जी को प्रियंका गांधी ने दी बधाई, कहा- एक दिन हकीकत बनेगा NYAY
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अर्थशास्त्र में इस साल का नोबेल पुरस्कार पाने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी को बधाई दी है। प्रियंका ने उम्मीद जताई कि उस न्यूनतम आय गारंटी योजना (न्याय) का वादा एक दिन वास्तविकता बनेगा जिसकी संकल्पना में बनर्जी ने मदद की थी। प्रियंका ने ये भी बताया कि अर्थशास्त्री बनर्जी ने कांग्रेस को न्यूनतम आय योजना (NYAY) पर सलाह भी दी थी।
मंगलवार को महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा, गरीबी हटाने को लेकर अध्ययन करने वाले हिंदुस्तानी मूल के प्रोफेसर अभिजीत बनर्जी को अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार मिलने पर बहुत बधाई। प्रियंका ने कहा, प्रोफेसर बनर्जी ने कांग्रेस घोषणा पत्र की क्रांतिकारी न्याय योजना पर भी सलाह दी थी। आशा है कि न्याय योजना एक दिन वास्तविकता बनेगी। प्रियंका गांधी से पहले राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर अभिजीत बनर्जी को बधाई दी थी।
लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान कांग्रेस ने इस NYAY स्कीम का ऐलान किया था। न्याय पर बताते हुए अभिजीत ने बताया कि, ने कहा था, न्याय स्कीम को लेकर मुझसे कांग्रेस पार्टी ने सलाह ली थी। मैंने उन्हें बताया था कि न्यूनतम आय के तहत हर महीने 2,500 रुपये देना सही रहेगा, जो राजकोषीय अनुशासन के दायरे में है। इस पर सालाना 1.50 लाख करोड़ रुपये खर्च का अनुमान लगाया था।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने नोबेल पुरस्कार के लिए चयनित अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी के कुछ कथनों का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मंगलवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि अब मोदी को काम पर लग जाना चाहिए और तस्वीरें कम खिंचवानी चाहिए। गौरतलब है कि भारतीय अमेरिकी अभिजीत बनर्जी को वर्ष 2019 के लिए अर्थशास्त्र के नोबेल के लिए चुना गया है। उन्हें यह पुरस्कार फ्रांस की एस्थर डुफ्लो और अमेरिका के माइकल क्रेमर के साथ संयुक्त रूप से दिया जाएगा। उन्हें यह पुरस्कार वैश्विक स्तर पर गरीबी उन्मूलन के लिए किये गये कार्यों के लिये मिलेगा।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का आरोप-दुर्गा पूजा में हुआ अपमान, दुखी हूं