देशभर में जनता कर्फ्यू शुरू, प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो शेयर कर लोगों से की अपील
नई दिल्ली। भारत सहित पूरी दुनिया कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते खतरे से परेशान है। वायरस से निपटने के लिए भारत सरकार कई सख्त कदम उठा रही है। इसी के मद्देनजर भारत में रविवार सुबह 7 बजे से रात के 9 बजे तक जनता कर्फ्यू लगाया गया है। इसे लेकर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर लोगों से अपील की है। इसमें उन्होंने देशवासियों से जनता कर्फ्यू का हिस्सा बन कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाने को कहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा है, 'मैं आज प्रत्येक देशवासी से एक और समर्थन मांग रहा हूं। ये है जनता कर्फ्यू, यानी जनता के लिए, जनता द्वारा, खुद पर लगाया गया कर्फ्यू। इस रविवार 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक सभी देशवासियों को जनता कर्फ्यू का पालन करना है। इस दरमियान कोई भी नागरिक घरों से बाहर ना निकलें, ना सड़क पर जाएं, ना मोहल्ले में.. ना सोसाइटी में एकत्रित हों। अपने घरों में ही रहें।'
उन्होंने आगे कहा, 'हां.. जो आवश्यक सेवाओं से जुड़े हुए हैं, उनको तो जाना ही पड़ेगा, क्योंकि उनका बहुत बड़ा दायित्व होता है.. लेकिन एक नागरिक होने के नाते, ना हम जाएं और ना देखने के लिए जाएं। साथियों 22 मार्च को हमारा ये प्रयास, हमारे आत्मसंयम, देशहित में कर्तव्य पालन का एक मजबूत प्रतीक होगा। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू की सफलता, इसके अनुभव, हमें आने वाली चुनौतियों के लिए भी तैयार करेंगे। मैं देश की सभी राज्य सरकारों से भी आग्रह करूंगा कि वो जनता कर्फ्यू का पालन कराने का नेतृत्व करें।'
जनता कर्फ्यू शुरू हो रहा है...
मेरी विनती है कि सभी नागरिक इस देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें और कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं।
हमारा संयम और संकल्प इस महामारी को परास्त करके रहेगा। #JantaCurfew pic.twitter.com/p5onFBSoPB
— Narendra Modi (@narendramodi) March 22, 2020
बता दें दुनियाभर में वायरस के कारण 12000 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमित लोगों की संख्या 275,944 का आंकड़ा पार कर चुकी है। भारत की बात करें तो यहां भी संक्रमित मामलों की संख्या 315 हो गई है, जबकि इस महामारी से 4 लोग मौत के शिकार भी हुए हैं, फिलहाल केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी वायरस के खात्मे के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही हैं।
अमेरिका में रैपिड कोरोना वायरस टेस्ट को मिली मंजूरी, 45 मिनट में चल जाएगा वायरस का पता