Presidential election : हरभजन-गंभीर ने किया मतदान, कभी एक ही टीम का हिस्सा थे आज हैं अलग-अलग
नई दिल्ली, 18 जुलाई। आज देश में 15वें राष्ट्रपति के लिए मतदान हो रहा है, सोमवार को देशभर के 4,800 सांसद और विधायकगण अपने मतों का प्रयोग कर रहे हैं। एनडीए की तरफ से द्रौपदी मूर्मु और विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर यशवंत सिन्हा इस पद के लिए चुनावी मैदान में हैं। तो वहीं इस दौरान कई ऐसी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसने लोगों को हैरान भी किया तो किसी ने लोगों के चेहरे पर मुस्कुान भी बिखेरी।

व्हीलचेयर पर दिखे पूर्व पीएम मनमोहन सिंह
हैरान कर देनी वाली तस्वीरों में पहला नाम पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का है, जो कि व्हीलचेयर से संसद भवन पहुंचे और उन्होंने चार लोगों की मदद से अपना वोट डाला। आपको बता दें कि 89 वर्ष के मनमोहन सिंह काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं।

हजारीबाग से भाजपा के सांसद जयंत सिन्हा
तो वहीं दूसरी हैरान कर देने वाली तस्वीर थी हजारीबाग से भाजपा के सांसद जयंत सिन्हा की, जिनकी तस्वीर जैसे ही सामने आई वैसे ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई और लोग सवाल पूछने लगे कि क्या इन्होंने अपने पिता के खिलाफ वोट किया है?, मालूम हो कि जयंत के पिता यशवंत सिन्हा इस पद के लिए चुनावी मैदान में हैं।

हरभजन-गंभीर ने किया मतदान
तो वहीं तीसरी तस्वीर जो सबसे ज्यादा चर्चा में बनी वो रही आप सांसद हरभजन सिंह और भाजपा सांसद गौतम गंभीर की, जिनकी मतदान करते हुए तस्वीर इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। कभी टीम इंडिया में साथ-साथ दिखने वाले ये दोनों क्रिकेटर्स अब दो विरोधी दलों के सांसद हैं। भज्जी इसी साल के मार्च में आप पार्टी से राज्यसभा सांसद बने हैं तो वहीं दूसरी ओर गौतम गंभीर ईस्ट दिल्ली से भाजपा के टिकट पर एमपी हैं।

एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मु हैं
आप पार्टी ने जहां इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन किया है तो वहीं एनडीए की उम्मीदवार तो द्रौपदी मूर्मु हैं, ऐसे में जाहिर है कि भज्जी और गंभीर दोनों के वोट अलग-अलग उम्मीदवारों को ही गए हैं।

मूर्मु के पास छोटी-बड़ी कुल 27 पार्टियों का समर्थन
वैसे द्रौपदी मूर्मु के पास छोटी-बड़ी कुल 27 पार्टियों का समर्थन है, ऐसे में उनकी जीत पक्की मानी जा रही है। अगर वो ये चुनाव जीत जाती हैं तो वो आदिवासी समुदाय की देश के शीर्ष पद पर पहुंचने वाली पहली महिला होंगी।
25 जुलाई को होगा नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण
आपको बता दें की आज मतदान शाम पांच बजे के बाद बंद हो जाएगा। इसके बाद सभी राज्यों से मत पेटियां दिल्ली लाई जाएंगी और 21 जुलाई को मतगणना होगी। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।












Click it and Unblock the Notifications