बीजेपी के इंकार के बाद दिल्ली में राष्ट्रपति शासन, विधानसभा निलंबित
बीजेपी की ओर से सरकार ना बनाने का ऐलान करने पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रपति शासन लागू करने का फैसला किया। विधानसभा को निलंबित रखा गया है।
भाजपा के इंकार के बाद उपराज्यपाल नजीब जंग ने इससे पहले विधानसभा को निलंबित रखते हुए राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश की थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि वह दिल्ली में 'सरकार बनाने पर' विचार नहीं कर रही है, क्योंकि उसके पास सरकार बनाने लायक संख्या बल नहीं है। आपको बता दे कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा को 32 सीटें मिली थीं और आप को पास 28 सीटें थीं।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा में जन लोकपाल विधेयक पेश करने में विफल रहने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 49 दिनों के बाद शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
भाजपा और कांग्रेस ने एकजुट हो कर विधेयक का विरोध किया, जिससे सरकार सदन में अल्पमत में आ गई जिसके चलते विधानसभा को निलंबित करना पड़ा है।
केजरीवाल ने कांग्रेस-भाजपा दोनों को भ्रष्टाचारी बताया है और कहा कि देश की जनता ही अब दोनों को सबक सिखायेगी।