जब राष्ट्रपति के काफिले से पीछे छूटे उनके बेटे, पुलिस के उड़े होश
हरिद्वार। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा में लगे अधिकारियों को शनिवार को उस समय अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा जब उन्हें पता चला कि राष्ट्रपति का काफिला उनके बेटे को छोड़कर आगे बढ़ गया है। बता दें कि राष्ट्रपति कोविंद शनिवार को उत्तराखंड के हरिद्वार में दिव्य प्रेम सेवा मिशन के कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। कार्यक्रम के समापन के बाद राष्ट्रपति का काफिला देहारादून के लिए रवाना हो गया लेकिन उनके बेटे प्रशांत कोविंद यहीं छूट गए।

दरअसल हुआ यूं कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ आए उनके बेटे प्रशांत कोविंद कार्यक्रम के बाद फ्रेश होने वाशरूम चले गए थे। इस बीच राष्ट्रपति, उनकी पत्नी और बाकी अधिकारी काफिले के साथ आगे बढ़ गए। वाश रूम गए उनके बेटे प्रशांत जब बाहर आये तो देखा कि राष्ट्रपति का काफिला वहां से निकल चुका था। इसके बाद प्रशांत ने वहां मौजूद अधिकारियों को अपना परिचय दिया तो पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए।
आनन-फानन में अधिकारियों ने उनके बेटे को एसपी देहात मणिकांत मिश्रा की गाड़ी से देहरादून रवाना किया। बता दें कि राष्ट्रपति कोविंद दो दिन के उत्तराखंड दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने हरिद्वार में गंगा नदी के किनारे दुग्धाभिषेक किया। अब रविवार को महामहिम केदारनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगे।।












Click it and Unblock the Notifications