National film Awards: दोनों बेटियों के साथ श्रीदेवी का अवार्ड लेने पहुंचे बोनी कपूर
नई दिल्ली। 65वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में दिए गए। राष्ट्रपति कोविंद और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने विजेताओं को पुरस्कार दिए। विनोद खन्ना को मरणोपरांत दादा साहेब फाल्के से सम्मानित किया गया। विनोद खन्ना के बेटे अक्षय खन्ना और बीवी कवित खन्ना ने राष्ट्रपति कोविंद से पुरस्कार लिया। इस साल दुनिया छोड़ गईं श्रीदेवी को बेस्ट एक्टर (फीमेल) का पुरस्कार मिला। श्रीदेवी के पति बोनी कपूर और दोनों बेटियां जाह्नवी और खुशी ने राष्ट्रपति से अवार्ड लिया।
65वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा 13 अप्रैल को की गई थी। राष्ट्रपति के सभी विजेताओं को अपने हाथों से पुरस्कार ना दिए जाने के चलते इस समारोह का 68 विजेताओं ने बहिष्कार भी किया है। राष्ट्रपति कोविंद ने 137 विजेताओं में से केवल 11 विजेताओं ही पुरस्कार दिए। इसके अलावा बाकी लोगों को सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने पुरस्कार दिए। इसी बात को लेकर कलाकारों में गुस्सा है। आपको बता दें कि अभी तक राष्ट्रपति सभी विजेताओ को राष्ट्रीय पुरस्कार खुद ही देते रहे हैं।