Prashant Kishor Political Journey: रणनीति से रणभूमि तक, बांकीपुर उपचुनाव क्यों है अग्निपरीक्षा?
Prashant Kishor Political Journey: 2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा का परचम लहराता है, नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनते हैं। नरेंद्र मोदी के साथ-साथ एक और नाम देश के सियासी फलक पर तेजी से उभरता है - प्रशांत किशोर। भारतीय राजनीति में 'चुनावी रणनीतिकार' शब्द को एक नई पहचान देने वाले प्रशांत किशोर (PK) आज खुद चुनावी राजनीति के केंद्र में हैं।
कभी पर्दे के पीछे रहकर देश की कई बड़ी पार्टियों और मुख्यमंत्रियों को सत्ता के शिखर तक पहुंचाने वाले पीके ने जब 2022 में अपनी खुद की 'जन सुराज पार्टी' (Jan Suraaj Party) की नींव रखी, तो बिहार की राजनीति में एक नए विकल्प की चर्चा शुरू हो गई। 2021 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को जीत दिलाने के बाद पीके ने बिहार से अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी का ऐलान किया। प्रदेश भर में पदयात्रा कर आवाम को समझने का संघर्ष शुरु हुआ और आखिरकार 2 अक्टूबर 2022 को बिहार के चंपारण स्थित धरहरवा आश्रम से प्रशांत ने अपनी पार्टी जन सुराज की घोषणा कर दी।

बतौर चुनावी रणनीतिकार एक के बाद एक चुनावी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले प्रशांत किशोर की राजनीतिक पाली अभी तक शून्य पर ही है। बिहार विधानसभा 2025 में 238 सीटों पर उम्मीदवार उतारे जरूर थे लेकिन मुश्किल से दस एक उम्मीदवारों की ही जमानत बच पाई, सभी सीटों पर जन सुराज को हार का सामना करना पडा, गोया कुछ सीटों पर ये राजद और जदयू के हार का कारण जरूर बने। 2025 में मैदान में खुद नहीं उतरे जन सुराज मुखिया ने बांकीपुर में खम ठोक कर महज एक उपचुनाव को देश भर के राजनीतिक विमर्श के केंद्र में ला दिया।
Who Is Prashant Kishor, Alias PK: कौन हैं प्रशांत किशोर उर्फ PK
प्रशांत किशोर की पहचान एक पॉलिटिकल स्ट्रैटजी एक्सपर्ट के तौर पर है। वे डेटा-ड्रिवेन रणनीति, जमीनी फीडबैक, और आधुनिक संचार तकनीकों के इस्तेमाल के जरिए चुनाव अभियान प्रबंधन के लिए जाने जाते हैं। I-PAC (इंडिया पॉलिटिकल एक्शन कमिटी) जैसी संस्था बनाकर उन्होने देश भर में कई राजनीतिक दलों को चुनावी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव और 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के प्रचार अभियान 'चाय पर चर्चा' से उन्हें राष्ट्रीय पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने 2015 में बिहार में 'महागठबंधन' (JDU-RJD-कांग्रेस), 2017 में पंजाब में कांग्रेस, 2020 में दिल्ली में 'आप' और 2021 में बंगाल में 'तृणमूल कांग्रेस' के लिए सफल रणनीतियां बनाईं।

राजनीति में आने से पहले वे आठ वर्षों तक संयुक्त राष्ट्र (UN) के वित्त पोषित कार्यक्रमों में जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत रहे। इस दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश, बिहार और अफ्रीकी देशों में कुपोषण व स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े शोध और कार्यक्रमों में योगदान दिया। इससे पहले उन्हें बहुराष्ट्रीय कंसल्टिंग फर्म मैकेंजी में भी काम करने का अनुभव रहा है।
अगर शिक्षा की बात करें तो प्रशांत किशोर अपने गृह जिले बक्सर के एसएमपी स्कूल से 1991 में दसवीं की परीक्षा बिहार बोर्ड से पास करने के बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी से बीबीए (1996-1999) और हैदराबाद के एएससीआई से साल 2001-2003 में स्वास्थ्य-प्रबंधन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है।
प्रशांत किशोर की राजनीतिक यात्रा को तीन मुख्य चरणों में देखा जा सकता है:

- 1.चुनावी रणनीतिकार का दौर (2011-2021): इस दौरान उन्होंने भाजपा, कांग्रेस, टीएमसी, आप और डीएमके जैसी विविध विचारधारा वाली पार्टियों के लिए काम किया और 90% से अधिक सफलता दर हासिल की।
- 2.जनता दल (यूनाइटेड) में संक्षिप्त पारी (2018-2020): नीतीश कुमार ने उन्हें JDU का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया, लेकिन वैचारिक मतभेदों (विशेषकर CAA-NRC के मुद्दे) के कारण उन्हें 2020 में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
- 3.जन सुराज पार्टी की स्थापना (2022-वर्तमान): 2 अक्टूबर 2024 को आधिकारिक रूप से 'जन सुराज पार्टी' का गठन कर उन्होंने बिहार के 2025 विधानसभा चुनावों के लिए पूर्ण रूप से अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पारी की शुरुआत की।
Prashant Kishor Caste: प्रशांत किशोर किस जाति से, कोर वोटर कौन?
प्रशांत किशोर अपने नाम के साथ जातिसूचक सरनेम नहीं लगाते हैं। हालांकि विपक्षी नेता उन्हें बार-बार 'प्रशांत किशोर पांडे' कहकर उनकी जाति को उजागर करने की ही कोशिश करते रहे हैं हैं। एक इंटरव्यू में पीके ने खुद स्वीकार किया कि वे जाति से ब्राह्मण हैं लेकिन उन्हें न तो इस बार का कोई गर्व है ना कोई मलाल। उनकी पार्टी जन सुराज जाति आधारित राजनीति की बात नहीं करती है। उन्होने अल्पसंख्यक और राजग-विरोधी वोटबैंक के आधार पर बिहार में सियासी पारी शुरु किया था जिसमें कामयाबी अभी तक हाथ नहीं लगी है।
कहा जा रहा है कि बांकीपुर उपचुनाव में पीके ने बीजेपी और राजद दोनों के वोटों में जमकर सेंधमारी की है। चुनाव बाद बांकीपुर के मुस्लिम वोटरों ने खुले तौर पर प्रशांत किशोर को वोट देने की बात कही वहीं भाजपा की महिला वोटर्स और युवाओं में इसबार पीके को लेकर आग्रह देखा गया। कहा जा रहा है कि कायस्थों का भरोसा बीजेपी के साथ बना हुआ है लेकिन भूमिहार और ब्राह्मण वोट बैंक में बंटवारा हो गया है।
बीजेपी सरकार की हालिया अलोकप्रिय फैसलों, नीट-विवाद, इथेनॉल और राममंदिर चढावा चोरी का प्रभाव भी बांकीपुर मतदान पर देखा गया। आरएसएस समर्थित भाजपा का कोर हिंदुत्व वोट बैंक भी नाराज़ दिखा। पहले तो ये विरोध में मतदान की बात कह रहे थे लेकिन फिर मतदान के लिए बाहर आए ही नहीं। पिछले चुनाव से इस चुनाव में जो करीब 22 हज़ार वोट कम पडे हैं, कथित रूप से वे भाजपा के कोर-वोटर्स हैं, जो इस बार मतदान केंद्रों तक पहुंचे ही नहीं। अगर बांकीपुर में हार-जीत का आंकडा करीब रहता है तो यह भाजपा के हालिया रणनीति पर जनमत की तरह प्रचारित किया जाएगा।

Bankipur Electoral Equation: बांकीपुर का चुनावी समीकरण:
यह कॉपी लिखे जाने तक प्रशांत किशोर बांकीपुर से 12 राउंड की मतगणना के बाद भाजपा के नीरज कुमार से तकरीबन 7 हज़ार वोटों से आगे चल रहे थे। 2010 में अस्तितिव में आए बांकीपुर की सीट पर अभी तक भाजपा हारी नहीं है। इससे पहले भी पटना पश्चिम के इस इलाके पर बीजेपी का ही कब्ज़ा रहा है। पहले नवीन किशोर सिन्हा और बाद में उनके पुत्र व बीजेपी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन यहाँ से लगातार जीतते रहे हैं। बीजेपी ने इस उपचुनाव में यहाँ से पहले अभिषेक बंटी और बाद में नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा।
प्रशांत किशोर के मैदान में आने बिहार की राजधानी का यह उपचुनाव न केवल रोचक हो गया बल्कि पूरे देश भर की नज़रें इस पर टिक गई। 14 प्रतिशत से अधिक कायस्थ मतदाताओं वाला यह असेंबली कंस्टीच्युएंसी बीजेपी का गढ माना जाता रहा है। इसके अतिरिक्त ब्राह्मण 7 प्रतिशत, भूमिहार 8 प्रतिशत और राजपूत वोट 7 के बल पर सवर्ण वोटबैंक 36 फिसदी पहुंच जाता है जो फर्स्ट पास्ट द पोस्ट (FTTP) में यहाँ भारतीय जनता पार्टी की जीत की गारंटी माना जाता है। इसके अतिरिक्त 9 प्रतिशत वैश्य और लगभग इतने ही चंद्रवंशी वोट भी हैं, जो बहुतायत में बीजेपी को जाते रहे हैं।
कायस्थों के बाद दूसरी सबसे बडा मतदाता वर्ग मुस्लिमों का है - करीब 14 प्रतिशत। यादव 12 प्रतिशत। दोनों मिलाकर एक मजबूत MY समीकरण बनाते हैं। लेकिन आमने-सामने की लडाई में अभी तक बीजेपी को टक्कर नहीं दे पाए हैं। इसके अतिरिक्त दलित-महादलित मिलाकर लगभग 8 प्रतिशत हैं, 5 प्रतिशत कुर्मी और करीब 3 प्रतिशत कुशवाहा वोट बांकीपुर के उम्मीदवारों का भविष्य तय करते हैं।
8 महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव में यहां पर बीजेपी को 58 प्रतिशत से अधिक वोट मिले थे और भाजपा उम्मीदवार नितिन नबीन यहाँ से राजद के रेखा कुमारी से लगभग दुगुने मतों से जीते थे। जन सुराज तीसरे नंबर पर रहा था और मुश्किल से उसकी जमानत बच पाई थी इस सीट पर। चुनाव अभियान शुरु होने से पहले भाजपा के एक तरफा जीत के दावे भी किए जा रहे थे। लेकिन पीके ने अपनी राजनीतिक सूझ-बूझ और लोकप्रिय छवि से बाजी पलट दी है। बीजेपी की अधूरी तैय्यारी का भी इसमेन बडा हाथ है।
Bankipur Election Results: बांकीपुर के चुनावी परिणामों का दूरगामी प्रभाव:
बांकीपुर जैसे शहरी और हाई-प्रोफाइल सीट के परिणाम का प्रभाव न केवल दलगत वोटबैंक बल्कि प्रशांत किशोर की भावी राजनीति पर भी पड़ेगा है।
स्थिति A: यदि परिणाम जीत के पक्ष में रहे
- 1. यदि पीके बांकीपुर से जन सुराज का खाता खोल पाए तो राज्य में'तीसरे विकल्प' पर मुहर: बांकीपुर जैसी सीट पर जीत यह साबित कर देती कि बिहार की जनता आरजेडी और भाजपा/जेडीयू के पारंपरिक विकल्पों से आगे बढ़कर एक नए और शिक्षित विकल्प को अपनाने के लिए तैयार है।
- 2.जातिगत राजनीति को चुनौती: जन सुराज का मुख्य एजेंडा बिहार की पारंपरिक 'जातिवादी राजनीति' को तोड़ना रहा है। एक शहरी सीट पर जीत उनके 'विकास और सुशासन' के नैरेटिव को पूरे राज्य में विश्वसनीयता दे सकती है।
- 3.कैडर और कार्यकर्ताओं का मनोबल: नए राजनीतिक दल के लिए पहली बड़ी जीत कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरेगी और उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव अभियानों में अन्य मजबूत नेताओं को जन सुराज से जुड़ने के लिए प्रेरित करती।
- 4. बीजेपी के अति-आत्मविश्वास की हार होगी। साथ ही पार्टी को देश भर में अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करना पडेगा। चुनाव के समय कोर-वोट बैंक को साधने के लिए नीट, राममंदिर जैसे जन-साधारण से जुडे मुद्दे को और समझदारी से हैंडल करना होगा।
स्थिति B: यदि चूक गए पीके तो
- 1.पारंपरिक वोट बैंक की मजबूती का प्रमाण: बांकीपुर में हार यह दर्शाती है कि बिहार की राजनीति में कैडर आधारित कोर वोट बैंक और पारंपरिक दलीय निष्ठाओं को रातों-रात तोड़ना आसान नहीं है।
- 2.'स्ट्रेटजिस्ट बनाम मास लीडर' पर सवाल: आलोचकों को प्रशांत किशोर की इस छवि पर हमला करने का मौका मिलता कि चुनाव की रणनीति बनाना और खुद जनता से सीधे वोट हासिल करना दो बिल्कुल अलग बातें हैं। अगर मार्केटिंग लैंग्वेज में बात करें तो यहीं प्रोडक्ट और मार्केटिंग का अंतर साफ होगा।
- 3. बतौर पॉलिटिकल-स्ट्रेटजिस्ट प्रशांत किशोर के कैरियर पर भी सवालिया निशान लग जाएगा। सवाल यह उठेगा कि जो व्यक्ति अपनी एक सीट तक नहीं जीत पाया वह किसी पॉलिटिकल पार्टी को चुनाव जिताने में क्या योगदान दे सकता है।
- 4.रणनीति में बदलाव की आवश्यकता: हार की स्थिति में जन सुराज को अपनी पहुंच का विस्तार केवल शहरी व शिक्षित वर्ग तक सीमित न रखकर ग्रामीण स्तर के सूक्ष्म सामाजिक और जातिगत समीकरणों के साथ तालमेल बिठाने पर फिर से विचार करना पड़ेगा।


Click it and Unblock the Notifications
