प्रशांत किशोर की जीत ने कैसे बढ़ाई मोदी-शाह की टेंशन, समझिए बांकीपुर का नया गेम

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव जीतकर सिर्फ एक विधानसभा सीट अपने नाम नहीं की, बल्कि बिहार की राजनीति में नई बहस भी छेड़ दी। जिस सीट को लंबे समय से BJP का मजबूत गढ़ माना जाता था, वहां जन सुराज की जीत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ एक उपचुनाव का नतीजा है या फिर बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनने की शुरुआत। आइए समझते हैं कि इस जीत का नंबर गेम क्या कहता है और इससे किसकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

Prashant Kishor

बांकीपुर का नतीजा क्यों बना बड़ी खबर?

इस बार बांकीपुर में वोटिंग का आंकड़ा काफी कम रहा। महज 34.30% लोगों ने ही अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल किया। कम वोटिंग अमूमन इस बात का संकेत होती है कि मतदाताओं में कोई खास उत्साह नहीं था। लेकिन यही असंतोष अंदर ही अंदर बीजेपी के खिलाफ चला गया।

प्रशांत किशोर ने बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी। पीके को 49.23% वोट मिले, जबकि बीजेपी के खाते में सिर्फ 34.4% वोट ही आ पाए। यह आंकड़ा साफ दिखाता है कि मुकाबला कांटे का नहीं था, बल्कि कोर वोटर सीधे तौर पर दूसरी तरफ शिफ्ट हो गया।

BJP के लिए क्यों बढ़ी सबसे बड़ी टेंशन

सबसे बड़ा झटका यह है कि हार किसी कमजोर सीट पर नहीं मिली। बांकीपुर को BJP का सुरक्षित शहरी गढ़ माना जाता था। ऐसे क्षेत्र में लगभग 15 फीसदी से ज्यादा वोटों का अंतर संगठन के लिए चेतावनी माना जा रहा है। बीजेपी का पारंपरिक शहरी वोट बैंक इस चुनाव में खिसकता दिखा।

राजनीतिक हलकों में कई कारणों पर चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि उम्मीदवार चयन, स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की नाराजगी और जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास पार्टी पर भारी पड़ा।

कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि BJP ने सीट को आसान मान लिया, जबकि जन सुराज ने जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत की। यही फर्क आखिर में नतीजों में दिखाई दिया। यह नतीजा सीएम सम्राट चौधरी और स्थानीय नेतृत्व के लिए भी बड़ा झटका है, क्योंकि इसे उनकी कार्यशैली का पहला बड़ा इम्तिहान माना जा रहा था।

PM मोदी-नीतीश की मुलाकात ने बढ़ाई सियासी हलचल

बांकीपुर सीट पर भाजपा की हार के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। मंगलवार (04 अगस्त) को संसद भवन परिसर में प्रधानमंत्री के चैंबर में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। जदयू ने इस मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार भेंट बताया है।

हालांकि दोनों दलों की ओर से बातचीत का आधिकारिक ब्योरा साझा नहीं किया गया है, लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि बैठक में बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर भी चर्चा हुई। इस दावे की अब तक भाजपा और जदयू, दोनों में से किसी ने भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में फिलहाल इसे केवल सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के तौर पर ही देखा जा रहा है।

तेजस्वी यादव और RJD के लिए भी खतरे की घंटी

इस नतीजे का असर सिर्फ सत्ताधारी दल तक सीमित नहीं है। प्रशांत किशोर की इस धमाकेदार एंट्री ने विपक्षी खेमे में तेजस्वी यादव की रातों की नींद भी उड़ा दी है।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि,"प्रशांत किशोर ने बिहार में तीसरे विकल्प की नींव को बेहद मजबूत कर दिया है। अब राज्य में सीधा मुकाबला बीजेपी बनाम आरजेडी नहीं रहा, बल्कि यह लड़ाई अब बीजेपी बनाम आरजेडी बनाम जन सुराज की त्रिकोणीय जंग में बदल चुकी है।"

बांकीपुर उपचुनाव ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है। प्रशांत किशोर की जीत ने यह दिखाया है कि जन सुराज को अब सिर्फ एक प्रयोग मानकर नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। हालांकि किसी एक उपचुनाव से पूरे राज्य की तस्वीर तय नहीं होती, लेकिन इतना जरूर है कि इस नतीजे ने BJP और विपक्ष दोनों को अपनी रणनीति पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+