प्रशांत किशोर का अमित शाह पर तंज, दिल्ली में जोर का झटका धीरे से लगेगा
Recommended Video
नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड के उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने बिना नाम लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तंज कसा है। किशोर ने दिल्ली चुनाव में शाह के उस भाषण को लेकर उन पर निशाना साधा है। जिसमें उन्होंने कहा था कि ईवीएम का बटन इतनी जोर से दबाना कि शाहीन बाग तक करंट लगे। इसी पर किशोर ने सोमवार को ट्वीट किया है- 8 फरवरी को दिल्ली में EVM का बटन तो प्यार से ही दबेगा। जोर का झटका धीरे से लगना चाहिए ताकि आपसी भाईचारा और सौहार्द ख़तरे में ना पड़े।
भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक अमित शाह ने रविवार दिल्ली के बाबरपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी शाहीन बाग में नागरिकता कानून के खिलाफ हो प्रदर्शन के पीछे हैं। उन्होंने इसी को लेकर यहां कहा कि ईवीएम का बटन इतने गुस्से के साथ दबाना कि बटन यहां बाबरपुर में दबे, करंट शाहीन बाग के अंदर लगे। दिल्ली विधानसभा के लिए 8 फरवरी को होने वाले चुनाव का प्रचार इस समय जोरशोर से चल रहा है। भाजपा के नेता लगातार अपने भाषणों में एनआरसी, नागरिकता कानून, पाकिस्तान का जिक्र कर रहे हैं।
जदयू और भाजपा सहयोगी दल हैं और दिल्ली में चुनाव भी साथ लड़ रहे हैं लेकिन प्रशांत किशोर लगातार भाजपा पर हमलावर हैं। वो आम आदमी पार्टी के चुनावी रणनीतिकार भी हैं। नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर भी प्रशांत खुले तौर पर केंद्र की नीतियों की आलोचना कर रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए एक ही चरण में 8 फरवरी को मतदान होना है। 11 फरवरी को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच समझा जा रहा है। 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को बड़ी जीत मिली थी। पार्टी ने कुल 70 में से 67 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा को 3 सीटें मिली थीं तो वहीं कांग्रेस और अनय दलों का का खाता भी नहीं खुल सका था।
प्रशांत किशोर और सुशील मोदी के बीच ट्विटर पर छिड़ी जंग, PK ने पुराना वीडियो शेयर कर दिया जवाब