असली नतीजों का करें इंतजार, एग्जिट पोल गलत साबित हो सकते हैं: प्रकाश जावडेकर
नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद तमाम एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आए। इन तमाम एग्जिट पोल के आंकड़ों में कहा गया है कि दिल्ली में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है। लेकिन इन आंकड़ों को भारतीय जनता पार्टी ने सिरे से खारिज किया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आने के बाद कहा कि हमारी पार्टी सही नतीजों का इंतजार करेगी। यही नहीं जावडे़कर ने कहा कि भाजपा प्रदेश में सरकार का गठन करेगी।

हम सरकार बनाएंगे
जावड़ेकर ने कहा कि एग्जिट पोल और चुनाव परिणाम में बड़ा अंतर होगा। हम चुनाव के नतीजों का इंतजार करेंगे। लोकसभा चुनाव के दौरान भी एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे। हमने जमीनी हकीकत को देखा है, हमे लोगों का अच्छा समर्थन मिला है, हम 11 फरवरी को सत्ता में आएंगे। वहीं दिल्ली भाजपा के मुखिया मनोज तिवारी ने भी दावा किया है कि दिल्ली के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत होगी और हम दिल्ली में सरकार का गठन करेंगे।

मनोज तिवारी ने जीत का जताया भरोसा
मनोज तिवारी ने ट्वीट करके लिखा कि ये सभी एग्जिट पोल होंगे फेल, मेरी ये ट्वीट संभाल के रखिएगा। भाजपा दिल्ली में 48 सीट लेककर सरकार बनाएगी। कृपा ईवीएम को दोष देने का अभी से बहाना ना ढूढ़ें। बता दें कि आज चुनाव खत्म होने के बाद जो तमाम एग्जिट पोल सामने आए हैं उसमे तकरीबन सभी एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को 50 से अधिक सीट दे रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी को तकरीबन 10-15 सीटें दे रहे हैं। कांग्रेस की बात करें तो एग्जिट पोल में कांग्रेस अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में तकरीबन विफल ही रही है।
Recommended Video

कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान
बता दें कि दिल्ली में भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो आम आदमी पार्टी ने 70 सीटों में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा के खाते में सिर्फ 3 सीटें आई थीं। वहीं कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। बता दें कि दिल्ली में कुल 1.4 करोड़ लोग वोट डालने के लिए अर्ह हैं। प्रदेश में कुल 1,47,86,382 वोटर हैं, जिसमे 81,05,236 पुरुष वोटर हैं, वहीं 66,80,277 महिला वोटर हैं। वहीं 869 थर्ड जेंडर के वोटर हैं। कुल 13571 पोलिंग बूथ 2688 जगहों पर बनाए गए थे। जिसमे से 3141 संवेदनशील पोलिंग बूथ थे, 144 पोलिंग बूथ ज्यादा संवेदनशील थे। 2,04,830 वोटर्स की उम्र 80 वर्ष से अधिक है, जबकि 147 वोटर्स की उम्र 100 वर्ष से अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications