Pradyuman Case: माता पिता को देख फूट फूट कर रोया आरोपी छात्र, पढ़ने को मांगी किताब
गुरुग्राम। Ryan International School में हत्यारोपी कक्षा 11वीं का छात्र फिलहाल हरियाणा स्थित फरीदाबाद के बाल सुधार गृह में रखा गया है। छात्र के परिजनों ने सोमवार (13 नवंबर) को सुधार गृह में उससे मुलाकात की। परिजनों से मिलने के दौरान छात्र ने मांग की है कि उसे पढ़ने के लिए किताबें चाहिए। छात्र के माता पिता और छोटा भाई उससे मिलने गए थे। सुधार गृह में जैसे ही छात्र ने अपने परिजनों को देखा वो फूट-फूट कर रोने लगा। परिजन और छात्र लगभग आधए घंटे चक एक साथ रहे। मिली जानकारी के अनुसार जब मां ने बेटे को रोता हुआ देखा तो वो भी रोने लगीं और उसे गले लगा लिया। इस दौरान परिजनों ने उसके रहने और खाने के बारे में पूछा। बताया गया कि सुधार गृह में आरोपी को सोमवार सुबह साढ़े 6 बजे योग कराया गया। इसके बाद आरोपी छात्र ने पराठे खाए। छात्र ने शाम को बैंडमिंटन खेला। इसी दौरान उससे परिजन मिलने पहुंच गए। परिजनों से मुलाकात के बाद उसने टीवी देखी।

बयान से पलटा
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच में 11वीं के जिस छात्र को हत्यारोपी बताया था वो अपने बयान से पलट गया है। छात्र ने CBI और जिला बाल संरक्षण इकाई के कुछ अधिकारियों को बताया है कि उस पर दबाव डाल कर अपराध कबूल कराया गया है।

CBI ने कहा था
इससे पहले CBI ने अदालत से कहा था कि छात्र ने प्रद्युम्न की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। CBI के अनुसार छात्र ने यह भी कहा था कि परीक्षा के डर और पैरेंट टीचर मीटिंग को टालने के लिए हत्या की थी।

छात्र ने कबूल किया था जुर्म
इससे पहले CBI के अनुसार आरोपी छात्र ने कबूल किया था कि 7 सितंबर को उसने अनाज मंडी के पास से ही एक चाकू खरीदा। हालांकि उस वक्त तक भी वो इस पशोपेश में था कि निर्दयता से किसी की हत्या कैसे की जाए? उसने फिर सोचा कि स्कूल के वाटर टैंक में जहर मिला दिया जाए, उसके बावजूद वो अपनी जेब में 8 सितंबर को चाकू रख कर ले गया।'

23 नवंबर तक सुधार गृह में
बता दें कि शनिवार (11 नवंबर) को हत्यारोपी छात्र को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया था, जहां से उसे 23 नवंबर तक के लिए फरीदाबाद स्थित सुधार गृह भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications