भोपाल रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, ओवरब्रिज का शेड गिरने से 8 लोग घायल
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा हो गया है। स्टेशन पर ओवरब्रिज से नीचे उतरने वाले रैंप का शेड गिर गया है। हादसे में करीब 6 लोग घायल हो गए हैं। घटना स्टेशन के तीन नंबर प्लैटफॉर्म पर हुई है। मलबे में दबे घायलों को तत्काल ऑटो और ऐम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ था।
घटना के बाद अचानक भगदड़ का माहौल बन गया था। हादसे के बाद रेलवे पीआरओ ने कहा, 'ओवरब्रिज के स्लैब का छोटा सा हिस्सा गिर गया है। 7 से 8 लोग घायल हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। ना ही कोई हताहत हुआ है। हम जांच कर रहे हैं और जो भी इसके लिए जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।'
वहीं केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कुछ दिन पहले ही भोपाल रेलवे स्टेशन की कुछ तस्वीरें ट्वीट की थीं। जिसमें रेलवे स्टेशन की खूबसूरती को दर्शाया गया था। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, 'देश की विरासत और इतिहास को रेलवे स्टेशनों के माध्यम से जनता तक पहुंचाने के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन की नई बिल्डिंग को राजा भोज, और गांधी जी के चित्रों से सजाया गया है। अपने भव्य रूप, स्वच्छता और सुविधायें देने के साथ ही यह देश के इतिहास को भी यात्रियों तक पहुंचा रहा है।'
गौरतलब है कि इससे पहले भी कई रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। बीते साल मुंबई में सीएसटी रेलवे स्टेशन के पास फुटओवर ब्रिज के गिर जाने से 6 से अधिक लोगों की मौत भी हो गई थी।
बीजेपी सरकार बंद करेगी सरकारी मदरसा और संस्कृत स्कूल