मुंबई में दिखे संदिग्ध का पुलिस ने जारी किया स्केच!
मुंबई। महाराष्ट्र स्थित नवी मुंबई के उरण में गुरुवार को कुछ स्कूली बच्चों ने कुछ संदिग्ध लोगों को हथियार के साथ देखा था। इसके बाद इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी थी। अब मुंबई पुलिस ने देखे गए संदिग्ध लोगों में से एक का स्केच जारी कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक स्कूली बच्चों ने जिन दो संदिग्धों को देखा था, उनमें एक लड़का और एक लड़की भी थे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं और इन संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई हैं।
इन संदिग्धों को नेवी बेस के आस-पास देखा गया था। सूचना के तुरंत बाद नौसेना अलर्ट हो गई थी और उन संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी थी। भारतीय नौसेना के प्रमुख पीआरओ कैप्टन डी. के. शर्मा के मुताबिक यह मामला सामने आने के बाद महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
एक बच्चे का कहना है कि उसने एक आदमी को देखा था, जबकि अन्य बच्चे कह रहे हैं कि उन्होंने 5-6 लोगों को देखा था। यह घटना गुरुवार सुबह 7 बजे के करीब की है। बच्चों के अनुसार उन लोगों की पीठ पर कुछ सामान था और वे आपस में एक अलग ही भाषा में बात कर रहे थे। बच्चों ने यह भी कहा है कि उन्होंने उन लोगों को 'ओएनजीसी' और 'स्कूल' कहते हुए सुना था। उन सभी लोगों के पठानी सूट पहने होने की भी खबर है।


Click it and Unblock the Notifications
