PNB SCAM: जांच के लिए बुलाने पर मेहुल चौकसी का सीबीआई को जवाब- अभी तबीयत खराब है
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक से14000 करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले के आरोपी मेहुल चौकसी ने सीबीआई से कहा है कि अभी उसकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए भारत आकर जांच में शामिल नहीं हो सकता। घोटाले के बाद विदेश भाग गए चौकसी को सीबीआई की ओर नोटिस देकर जांच में शामिल होने के लिए कहा गया था। इसका जवाब देते हुए उसने कहा कि विदेश में हूं और कुछ वजहें हैं, जिसमें उनका स्वास्थ्य भी शामिल है, इसके चलते वो अभी भारत नहीं लौट सकते।

मुझे अपनी सुरक्षा को लेकर भी डर: मेहुल
मेहुल चोकसी ने सीबीआई को अपने जवाब में कहा है कि मैं विदेश में हूं लेकिन मैंने आपके हर नोटिस का जवाब दिया है लेकिन कमाल ये है कि मेरी ओर से जो बातें रखी गईं, उन पर कोई ध्यान आपने नहीं दिया। मेहुल ने कहा है कि भारत में अपनी सुरक्षा को लेकर वो डरा हुआ है। उसने कहा है कि मीडिया में लगातार ऐसा खबरें चल रही हैं जो उसके खिलाफ माहौल बनाने का काम कर रही हैं, ऐसे में उसका डर और बढ़ रहा है।

मेरा पासपोर्ट भी रद्द किया हुआ है: मेहुल
मेहुल चौकसी ने कहा है कि मैंने पहले भी ये कहा था कि पासपोर्ट रद्द है तो वो भारत कैसे लौट सकते हैं और अभी भी रीजनल पासपोर्ट ऑफिस ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया है। मेहुल ने कहा है कि मेरा पासपोर्ट अभी भी निलंबित है और ये कोई बहाना नहीं है। भारत आने के लिए कोई बहाना नहीं बना रहा हूं। इससे पहले भी सीबीआई के नोटिस पर मेहुल ने पासपोर्ट के रद्द किए जाने की बात उठाई थी।

मेहुल और नीरव मोदी पर हैं फ्रॉड के आरोप
मेहुल चौकसी ने ये भी कहा कि उन पर जो आरोप हैं, उन्हें बढ़चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। इससे भी उनको तनाव का सामना करना पड़ रहा है। मेहुल चौकसी और हीरा कारोबारी नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक से 14 हजार करोड से ज्यादा का फ्रॉड पर फरार होने के आरोप हैं। सीबीआई ने मेहुल के अलावा मोदी से भी संपर्क करने की कोशिश की है लेकिन उसने भी जांच में शामिल होने में असमर्थता जताई है।












Click it and Unblock the Notifications