नोटबंदी के फैसले पर पीएम मोदी की पत्नी जशोदाबेन ने की तारीफ, कहा- बिल्कुल सही कदम
जशोदाबेन ने कहा 'मोदीजी ने नोटबंदी का फैसला एकदम सही लिया है। 500 रुपये और 1000 रुपये के नोटों पर पाबंदी लगाने से देशभर में जिन लोगों ने कालाधन छुपा रखा था वह बाहर आया है।'
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन ने नोटबंदी के फैसले को बेहतर करार दिया है। उन्होंने कहा कि कालेधन पर रोक लगाने और छिपा हुआ काला धन वापस लाने के लिए यह काफी अच्छा फैसला है। बुधवार को जशोदाबेन एक स्कूल के गोल्डन जुबली कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंची थीं। उन्होंने कहा, 'मोदीजी ने नोटबंदी का फैसला एकदम सही लिया है। 500 रुपये और 1000 रुपये के नोटों पर पाबंदी लगाने से देशभर में जिन लोगों ने कालाधन छुपा रखा था वह बाहर आया है।' जशोदाबेन ने यह बयान वहां मौजूद पब्लिक को संबोधित करते हुए दिया।

गैस कनेक्शन देने की योजना की भी तारीफ
वंदे मातरम से अपने भाषण की शुरुआत करने वाली जशोदाबेन ने कहा गरीब परिवारों की महिलाओं को भी प्रधानमंत्री मोदी की सब्सिडी छोड़ने की अपील से फायदा मिल रहा है। लोगों ने अपनी मर्जी से सब्सिडी छोड़ी जिससे गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन मिले। गरीबी रेखा से नीचे जीवन जीने वाले परिवारों को इससे काफी राहत मिली है। जशोदाबेन ने महिलाओं से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और आगे बढ़ने की अपील की।
'महिलाएं आगे बढ़कर काम करें'
64 वर्षीय रिटायर्ड स्कूल टीचर ने कहा कि अगर सुषमा स्वराज, मायावती और इंदिरा गांधी जैसी महिलाएं आगे जा सकती हैं तो बाकी महिलाएं क्यों नहीं? आगे बढ़कर काम क्यों नहीं कर सकतीं? जशोदाबेन ने स्कूल में बच्चों के कल्चरल परफॉर्मेंस पर भी खुशी जताई और उन्हें 2000 रुपये का इनाम भी दिया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जशोदाबेन की शादी काफी पहले हुई थी लेकिन मोदी उनके साथ नहीं रहे। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए और फिर प्रधानमंत्री बनने के बाद भी मोदी ने उन्हें सरकारी आवास में अपने साथ नहीं रखा। हालांकि प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव के हलफनामे में उन्हें अपनी पत्नी बताया था।












Click it and Unblock the Notifications