कोरोना को लेकर जिलाधिकारियों के साथ बैठक में बोले पीएम मोदी- वैक्सीन की बर्बादी रोकनी होगी
जिलाधिकारियों से बोले पीएम मोदी- वैक्सीन की बर्बादी रोकनी होगी
नई दिल्ली, 20 मई: देश में कोरोना वायरस की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 10 राज्यों 54 जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक की है। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में जिलाधिकारियों को कहा कि वैक्सीन की बर्बादी को रोकना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा, एक विषय वैक्सीन वेस्टेज का भी बना हुआ है। एक भी वैक्सीन की वेस्टेज का मतलब है, किसी एक जीवन को जरूरी सुरक्षा कवच नहीं दे पाना। इसलिए वैक्सीन वेस्टेज रोकना जरूरी है।

Recommended Video
प्रधानमंत्री ने कहा, आपके अनुभवों से हमें नीतियां बनाने में मदद मिलती है। टीकाकरण की रणनीति में राज्यों से मिलने वाले सुझावों को शामिल किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से 15 दिन के टीकों की उपलब्धता की जानकारी राज्यों को दी जा रही है। टीकाकरण के प्रबंधन में आप सबको आसानी होने वाली है।
आपका काम अब ज्यादा चुनौती भरा
प्रधानमंत्री ने जिलों के डीएम से कहा, कोरोना ने आपके काम को पहले से कई अधिक चुनौतीपूर्ण बना दिया है। हमें गांव-गांव जाकर जागरूकता फैलानी है। गांवों को कोरोना से मुक्त रखना है और लंबे समय तक जागरूकता का प्रयास जारी रखना है। दूसरी लहर के बीच कोरोना वेरिएंट की वजह से अब युवाओं और बच्चों के लिए ज्यादा चिंता जताई जा रही है। हमें अधिक तैयार रहना होगा। अपने जिले में युवाओं और बच्चों में होने वाले संक्रमण के आंकड़े इकट्ठा कर उस पर विश्लेषण कीजिए।
नरेंद्र मोदी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि बीते कुछ समय से देश में एक्टिव केस कम होना शुरू हुए हैं लेकिन आपने इन डेढ़ सालों में ये अनुभव किया है कि जब तक ये संक्रमण माइनर स्केल पर भी मौजूद है, तब तक चुनौती बनी रहती है। पिछली महामारियां हों या फिर ये समय, हर महामारी ने हमें एक बात सिखाई है। महामारी से डील करने के हमारे तौर-तरीकों में निरंतर बदलाव लाना बहुत जरूरी है।
पीएम ने जिलाधिकारियों से कहा कि जीवन बचाने के साथ-साथ हमारी प्राथमिकता जीवन को आसान बनाए रखने की भी है। गरीबों के लिए मुफ्त राशन की सुविधा हो, दूसरी आवश्यक सप्लाई हो, कालाबाजारी पर रोक हो, ये सब इस लड़ाई को जीतने के लिए भी जरूरी हैं, और आगे बढ़ने के लिए भी आवश्यक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़, हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश राज्यों के 54 जिलों के साथ बातचीत की है। दो दिन पहले 18 मई को भी पीएम मोदी नौ राज्यों के फील्ड अधिकारियों के साथ बातचीत की थी।












Click it and Unblock the Notifications