Modi 3.0: गरीब परिवारों के लिए पहली मोदी कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला, आवास योजना के तहत बनेंगे 3 करोड़ नए घर
First Modi 3.0 cabinet meeting: एनडीए की नई सरकार के गठन के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब अपने काम में व्यक्त हो गए हैं। नवगठित सरकार की पहली कैबिनेट बैठक सोमवार को दिल्ली के 7, लोक कल्याण मार्ग पर हुई, जहां गरीब परिवारों के लिए मोदी कैबिनेट में बड़ा और अहम फैसला किया गया।
पहली कैबिनेट बैठक में पीएम आवास योजना को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आवास योजना को और बढ़ाया जाएगा, जिसके तहत 3 करोड़ नए घर बनाए जाएंगे।

बनेंगे 3 करोड़ और पक्के मकान
मोदी कैबिनेट की पहली बैठक से जो फैसला सामने आया है, उसके मुताबिक तीन करोड़ नए घर बनवाए जाएंगे। बता दें कि योजना में पहले 4.21 करोड़ घर बन चुके हैं। वहीं अब पात्र परिवारों की संख्या में वृद्धि से आवास आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए 3 करोड़ अतिरिक्त ग्रामीण और शहरी परिवारों को मकान बनाने के लिए सहायता मुहैया की जाएगी।
10 सालों में 4.21 करोड़ मकान पूरे
बता दें कि केंद्र की मोदी सरकार ने ग्रामीण और शहरी गरीब परिवारों को बुनियादी सुविधाओं के साथ पक्के घर के निर्माण में मदद के लिए 2015-16 से प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) लॉन्च की थी। जिसके तहत पिछले 10 सालों में कुल 4.21 करोड़ मकान पूरे किए गए हैं।
पीएमएवाई के तहत निर्मित सभी मकानों को केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की अन्य योजनाओं के साथ घरेलू शौचालय, एलपीजी कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, नल कनेक्शन जैसी अन्य बुनियादी सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं।
100 दिवसीय कार्य योजना की तैयार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तीसरा कार्यकाल शुरू होने के साथ ही सरकार का लक्ष्य जमीनी स्तर पर काम शुरू करना है। सभी केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों को '100-दिवसीय कार्य योजना' के लिए अपनी अंतिम प्रस्तुति तैयार करने के लिए कहा गया है, जिसे अगले सप्ताह प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और फिर केंद्रीय मंत्रिपरिषद के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications