पीएम मोदी ने किया रूस के राष्ट्रपति पुतिन को फोन, कहा-आपके स्वागत का इंतजार
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने दोस्त और रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन से फोन पर बात की है। दोनों नेताओं के बीच हुई वार्ता के बारे में विदेश मंत्रालय की तरफ से जानकारी दी गई है। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से कहा है कि जैसे ही स्वास्थ्य स्थितियां सामान्य होती हैं, वह भारत में उनका स्वागत करने को तैयार हैं। पीएम मोदी ने इसके साथ ही राष्ट्रपति पुतिन को उनके जन्मदिवस की बधाईयां भी दी हैं। सात अक्टूबर को पुतिन का 68वां बर्थडे था।
यह भी पढ़ें-भारत-चीन के बीच पुतिन ने खेल दिया मास्टरस्ट्रोक
इस वर्ष पीएम मोदी जाने वाले थे रूस
विदेश मंत्रालय की तरफ से इस पर विस्तार से जानकारी दी गई है। विदेश मंत्रालय ने कहा है, 'दोनों नेताओं ने आने वाले दिनो में कोविड-19 की चुनौतियों समेत दूसरे मसलों पर संपर्क में रहने का वादा किया है। प्रधानमंत्री ने जैसे ही सार्वजनिक स्वास्थ्य की स्थितियां बेहतर होती हैं वैसे ही राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत में करने की इच्छा व्यक्त की है।' पीएम मोदी ने इस दौरान पुतिन के साथ अपनी मित्रता और लंबे सहयोग को भी याद किया। भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने और इसे मजबूत करने के लिए पीएम मोदी ने पुतिन की तारीफ भी की है।
इस वर्ष रूस जाने वाले थे पीएम मोदी
पीएम मोदी को इस वर्ष शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) और ब्रिक्स सम्मेलन के लिए रूस की यात्रा पर जाना था। लेकिन कोरोना वायरस की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यात्रा की पाबंदियां लगा दी गई और इन सम्मेलनों को वर्चुअली सम्पन्न कराए जाने पर रजामंदी जताई गई। 17 नवंबर को 12वें ब्रिक्स सम्मेलन का आयोजन होगा और वीडियो कॉन्फ्रेंस में पुतिन और मोदी एक दूसरे से बातचीत करेंगे। रूस की राजधानी मॉस्को में हाल ही में एससीओ देशों के रक्षा और विदेश मंत्रियों की मीटिंग्स का आयोजन किया था। इस दौरान भारत और चीन के रक्षा और विदेश मंत्रियों की मीटिंग के लिए रूस ने पहल की थी।