PM मोदी के भाई ने Premanand Maharaj से पूछा ऐसा सवाल, जवाब सुनकर आप भी सोच में पड़ जाएंगे!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी जब प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे तो माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। अंदर आते ही उन्होंने अपनी भावनाएं शेयर करते हुए कहा कि ,'मां के साथ रहने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ।' इसके बाद उन्होंने एक ऐसा सवाल कर डाला, जो हर भक्त के मन में कहीं न कहीं उठता है।
प्रह्लाद मोदी ने प्रेमानंद महाराज से पूछा कि , 'भगवन, हम अलग-अलग मंदिरों में जाते हैं, तो भगवान का स्वरूप अलग-अलग होता है। जब ध्यान-भजन करते हैं तो मन में कन्फ्यूजन होता है। किस स्वरूप का ध्यान करें?

प्रेमानंद महाराज ने दिया जवाब
प्रेमानंद महाराज ने जवाब दिया कि, 'इसमें क्या है कि जब हम आचार्य परंपरा से जुड़ते हैं तो हमारा ध्यान अपने इष्ट पर स्थिर हो जाता है। जैसे हम हैं, तो हम राधा वल्लभ जी का ध्यान करते हैं क्योंकि हम हरिवंश महाप्रभु के शिष्य हैं। गोस्वामी हरिदास जी बांके बिहारी जी का ध्यान करते थे।'
महाराज ने बताया कि, 'अगर आप अब तक किसी परंपरा से नहीं जुड़े हैं तो मान लीजिए- मेरे इष्ट बांके बिहारी जी हैं। दर्शन सभी जगह करिए लेकिन ध्यान एक ही स्वरूप का करिए। एक जगह निष्ठा कर लीजिए, वहीं से सच्चा सतमार्ग खुलता है।'
पीएम मोदी के छोटे भाई हैं प्रह्लाद मोदी
प्रह्लाद मोदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई हैं। वे लंबे समय तक गुजरात फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन से जुड़े रहे और ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। प्रह्लाद मोदी अहमदाबाद में रहते हैं और राशन डीलरों के हितों के लिए कई बार आंदोलन कर चुके हैं। सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है, और वे मीडिया में भी समय-समय पर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं।
कई बड़ी हस्तियां पहुंच चुकी हैं प्रेमानंद महाराज की शरण में
प्रेमानंद महाराज भारत के प्रसिद्ध संतों में गिने जाते हैं, जो अपनी सहज वाणी, आध्यात्मिक ज्ञान और शांति से भरी जीवनशैली के लिए प्रसिद्ध हैं। वे विशेष रूप से राधा-कृष्ण भक्ति परंपरा से जुड़े हैं और उनका सत्संग सुनने के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उनकी भाषा सरल, भावपूर्ण और हृदयस्पर्शी होती है, जिसे हर धर्म और जाति का व्यक्ति आत्मसात कर पाता है। यही वजह है कि न सिर्फ हिंदू, बल्कि दूसरे धर्मों के लोग भी उनकी वाणी से प्रेरणा लेते हैं और उनके प्रवचनों में शामिल होते हैं। प्रेमानंद महाराज से मिलने और उनका मार्गदर्शन पाने के लिए कई बड़ी हस्तियां पहुंच चुकी हैं।
प्रेमानंद महाराज से कैसे मिलें?
प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज वृंदावन में श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में रहते हैं। यह आश्रम वृंदावन में परिक्रमा मार्ग पर भक्ति वेदांत हॉस्पिटल के सामने स्थित है। प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए भक्त आश्रम में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं और अगले दिन सत्संग, कीर्तन या एकांतिक वार्तालाप के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications