'परमात्मा ने मुझे भेजा है, ईश्वर ने मुझसे कुछ काम लेना है', PM मोदी ने बताया कि आखिर वो थकते क्यों नहीं?
PM Modi Interview: लोकसभा चुनाव में 400 पार के नारे के साथ भाजपा मिशन 2024 में जुटी हुई है। लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव अभियान में लगे हुए हैं। इस बीच पीएम मोदी अपने 10 साल के रिपोर्ट कार्ड के साथ तमाम मी़डिया संस्थानों को इंटरव्यू करते नजर आ रहे हैं।
अब हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में अपनी सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए बात की। इस दौरान उन्होंने कभी ना थकने के सवाल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। पीएम मोदी ने बताया कि ईश्वर को उनसे कुछ काम लेना, इसलिए उनको ऊर्जा बनी रहती है।

हाल ही में पीएम मोदी उत्तर प्रदेश की वाराणसी की यात्रा पर थे, जहां उन्होंने न्यूज 18 से बातचीत की। इस दौरान उनसे मौजूदा चुनावों और कामकाजी दिनचर्या (2019 की तुलना में) में उनकी तेज चुनावी गतिविधियों के बारे में पूछा गया, जिस पर पीएम मोदी ने अपना जवाब दिया।
73 साल के पीएम मोदी ने कहा, 'पहले जब तक मां जिंदा थी मुझे लगता था की शायद जैविक रूप से मुझे जन्म दिया गया है। मां के जाने के बाद सारे अनुभव को मैं जोड़ कर देखता हूँ तो मैं कन्विंस हो चूका हूं, शायद मैं गलत हो सकता हूं, आलोचक, लेफ्ट लोग तो मेरी धज्जिया उड़ा देंगे, मेरे बाल नोच लेंगे। मैं कन्विंस हो चुका हूँ की परमात्मा ने मुझे भेजा है।'
पीएम मोदी ने आगे कहा कि, "ये ऊर्जा जैविक शरीर से नहीं मिली है, ये ऊर्जा ईश्वर मुझसे कुछ काम लेना है, इसलिए मुझे विधा भी दी है, सामर्थ्य भी दिया है, नेक दिल भी दी है और प्रेरणा भी वही दे रहा है। पुरुषार्थ करने का सामर्थ्य भी दे रहा है और मैं कुछ नहीं हूं, एक यंत्र हूं जो ईश्वर मेरे रूप में मुझसे लेना तय करता है और इसलिए मैं जब भी कुछ करता हूं तो मैं मानता हूं शायद ईश्वर मुझसे करवाना चाहता है।"
टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा ने कसा तंज
वहीं पीएम मोदी के इस बयान पर टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा ने ट्वीट करते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि अभी-अभी पीएम मोदी की एक क्लिप देखी। अब वो हमें बताते हैं कि उनकी मां अब नहीं रही, वह वास्तव में विश्वास करते हैं कि वह मानव नहीं बल्कि दिव्य पैदा हुआ थे, हम सभी को मुक्ति दिलाने के लिए पृथ्वी पर भेजा गया।"












Click it and Unblock the Notifications