चीन ने सीमा विवाद पर फिर चली चाल? जिनपिंग-मोदी मुलाकात के बाद बयान में बड़ा फर्क, समझिए ड्रैगन का नया स्टैंड
गलवान घाटी की हिंसक झड़प के करीब छह साल बाद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत आए। नई दिल्ली में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय मुलाकात भी हुई। बातचीत का माहौल पिछले कुछ समय में सुधरते भारत-चीन रिश्तों को आगे बढ़ाने वाला रहा। दोनों नेताओं ने मतभेदों को विवाद में नहीं बदलने और रिश्तों को रणनीतिक व लंबे समय के नजरिए से देखने की बात कही।
लेकिन असली कहानी बैठक के बाद जारी हुए भारत और चीन के अलग-अलग आधिकारिक बयानों में दिखाई देती है। दोनों तरफ से सीमा विवाद के समाधान की बात हुई। दोनों ने सीमा पर शांति की जरूरत मानी। फिर भी दोनों की भाषा और प्राथमिकता में एक महीन फर्क है। यही फर्क अब कूटनीतिक चर्चा का सबसे अहम हिस्सा बन गया है।

चीन का क्या है स्टैंड?
चीन की ओर से जारी बयान में इस बात पर जोर दिया गया कि दोनों देशों को सीमा विवाद का इंतजार किए बिना बाकी क्षेत्रों में अपने रिश्तों को सामान्य कर लेना चाहिए।
- प्रतिद्वंद्वी नहीं, साझेदार: बीजिंग ने कहा कि भारत और चीन को एक-दूसरे को दुश्मन के बजाय पार्टनर मानना चाहिए।
- समानांतर तरक्की: ड्रैगन की प्रेस रिलीज में कहा गया कि सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखते हुए व्यापार, संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाना चाहिए।
- व्यापार पर फोकस: चीन का जोर इस बात पर रहा कि पिछले दो सालों में व्यापार नए स्तर पर पहुंचा है। इसलिए एक-दूसरे की ताकतों का फायदा उठाकर आगे बढ़ना चाहिए।
चीन चाहता है कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर जो स्थिति है, उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया जाए और व्यापारिक रिश्ते पहले की तरह चलते रहें।
भारत का रुख: शांति ही रिश्तों की बुनियाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी राष्ट्रपति के सामने बेहद साफ और कड़े शब्दों में भारत का पक्ष रखा। भारत का मानना है कि सीमा पर अमन-चैन के बिना बाकी रिश्ते सामान्य नहीं हो सकते।
- पुरानी सहमतियों का पालन: भारत की प्रेस रिलीज में स्पष्ट किया गया कि सीमा से जुड़े जितने भी पुराने समझौते और सहमतियां हैं, चीन को उनका पूरी तरह पालन करना होगा।
- 3-M का फॉर्मूला: पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान तीन स्तंभों पर जोर दिया- पारस्परिक सम्मान (Mutual Respect), पारस्परिक संवेदनशीलता (Mutual Sensitivity) और पारस्परिक हित (Mutual Interests)।
- विवाद न बने मतभेद: भारत ने साफ किया कि दोनों देशों के आपसी मतभेद कभी भी बड़े विवाद में नहीं बदलने चाहिए।
भारत का स्पष्ट संदेश है कि एलएसी पर पूर्ण शांति स्थापित होना ही द्विपक्षीय संबंधों के विकास की पहली शर्त है। भारत के बयान में फोकस थोड़ा अलग दिखाई देता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सीमा वाले इलाकों में शांति और स्थिरता दोनों देशों के रिश्तों के लगातार विकास की जरूरी बुनियाद है। भारत ने सिर्फ बातचीत या रिश्ते सुधारने की बात नहीं की। उसने मौजूदा सीमा समझौतों और दोनों देशों के बीच बनी सहमतियों का पालन करने पर भी जोर दिया।
चीन और भारत के बयानों में क्या है 3 बड़े अंतर?
चीन और भारत दोनों देशों बयानों को साथ रखकर देखें तो अंतर किसी सीधे टकराव का नहीं, बल्कि क्रम और प्राथमिकता का है। लेकिन अगर दोनों देशों की प्रेस रिलीज की तुलना करें तो तीन बड़े विरोधाभास सामने आते हैं:
1. प्राथमिकता का फर्क: चीन सीमा विवाद को पेंडिंग रखकर व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ाना चाहता है। वहीं भारत सीमा पर शांति को पूरे रिश्ते की नींव मानता है।
2. समझौतों की शर्त: भारत ने पुराने सैन्य व कूटनीतिक समझौतों के शत-प्रतिशत पालन की शर्त रखी है, जबकि चीन इस बिंदु पर गोलमोल जवाब दे रहा है।
3. सीधी उड़ानें और व्यापार: भारत ने लोगों के बीच संपर्क, डायरेक्ट फ्लाइट्स और व्यापारिक मसलों को सीमा पर स्थिति सामान्य होने से जोड़ा है, जबकि चीन बिना शर्त व्यापारिक ढील चाहता है।
क्या सीमा विवाद सच में सुलझने की ओर बढ़ रहा है?
यहां सबसे जरूरी बात यह है कि अभी सीमा विवाद का अंतिम समाधान नहीं हुआ है। दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है। अगस्त 2026 में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और चीन के विशेष प्रतिनिधि वांग यी के बीच 25वें दौर की बातचीत हुई थी।
दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति बनाए रखने और 2005 के समझौते में तय राजनीतिक मानकों के आधार पर निष्पक्ष, उचित और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान तलाशने की बात कही थी।
दोनों पक्षों ने सीमा प्रबंधन बेहतर करने, सैन्य और कूटनीतिक माध्यमों से स्थिति संभालने और वास्तविक नियंत्रण रेखा पर गलतफहमी से बचने के लिए बातचीत जारी रखने पर भी सहमति जताई थी। अगला विशेष प्रतिनिधि दौर 2027 में भारत में होना तय हुआ है।
फिर चीन का रुख बदलता क्यों दिख रहा है?
इसे सीधे चीन के रुख में यू-टर्न कहना सही नहीं होगा। चीन लंबे समय से यह चाहता रहा है कि सीमा विवाद को पूरे द्विपक्षीय रिश्तों पर हावी न होने दिया जाए। 2024 में भी शी जिनपिंग ने कहा था कि सीमा सवाल को पूरे चीन-भारत रिश्ते को परिभाषित नहीं करने देना चाहिए। वहीं भारत लगातार सीमा पर शांति को रिश्तों के विकास से जोड़ता रहा है।
इसलिए मौजूदा बदलाव ज्यादा भाषा और प्राथमिकता के फर्क में दिखता है। बीजिंग रिश्तों को तेजी से सामान्य करने के लिए व्यापार, संपर्क और सहयोग के दूसरे रास्ते खोलना चाहता है। नई दिल्ली भी रिश्ते सुधारने के खिलाफ नहीं है, लेकिन सीमा पर शांति और मौजूदा समझौतों के पालन को साफ तौर पर आधार बनाकर चल रही है।


Click it and Unblock the Notifications
