PM रेस में मोदी नंबर-1, राहुल नंबर-2 लेकिन तीसरे नाम ने चौंकाया, सर्वे में किस पार्टी के नेता की हुई एंट्री?
भारत में अगला प्रधानमंत्री कौन हो सकता है? इस सवाल पर अब तक मुकाबला ज्यादातर नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बीच ही देखा जाता रहा है। लेकिन सी-वोटर मूड ऑफ द नेशन यानी MOTN सर्वे ने इस तस्वीर में एक नया नाम जोड़ दिया है। इस बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम यानी TVK के प्रमुख जोसेफ विजय ने सीधे टॉप-3 में एंट्री मारी है।
सर्वे में प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी 48.7 फीसदी लोगों की पसंद बने हुए हैं। राहुल गांधी 27.1 फीसदी के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं विजय को 9.2 फीसदी लोगों ने अगला प्रधानमंत्री देखने की इच्छा जताई है। यानी राजनीति में एंट्री के करीब दो साल बाद विजय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी का संकेत दे दिया है।

मोदी अभी भी सबसे आगे, राहुल दूसरे नंबर पर
MOTN के आंकड़ों में नरेंद्र मोदी की बढ़त काफी बड़ी है। 48.7 फीसदी के साथ वह बाकी सभी नामों से काफी आगे हैं। राहुल गांधी 27.1 फीसदी के साथ दूसरे नंबर पर हैं। जनवरी 2026 के सर्वे में राहुल को 27 फीसदी समर्थन मिला था। यानी उनके आंकड़े में इस बार बड़ा बदलाव नहीं हुआ।
लेकिन असली कहानी तीसरे नंबर की है। विजय ने पहली बार इस सर्वे में टॉप-3 में जगह बनाई है। उन्हें 9.2 फीसदी समर्थन मिला। यह इसलिए खास है क्योंकि विजय की राष्ट्रीय राजनीति में एंट्री अभी शुरुआती दौर में है।
उनके बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 2 फीसदी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को 1.7 फीसदी और कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के संस्थापक अभिजीत डिपके को 1.3 फीसदी लोगों ने अगला प्रधानमंत्री देखने के लिए चुना। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 1.2 फीसदी के साथ इस सूची में विजय से पीछे रहे।
विजय की सबसे बड़ी छलांग कहां दिखी?
विजय का असर सिर्फ प्रधानमंत्री पद की पसंद तक सीमित नहीं है। सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि मौजूदा विपक्षी नेताओं में कौन विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व करने के लिए सबसे बेहतर है।
इस सवाल में भी विजय तीसरे पायदान के करीब रहे। राहुल गांधी को 29 फीसदी, विजय को 12.2 फीसदी लोगों का समर्थन मिला। ममता बनर्जी 8.5 फीसदी, अरविंद केजरीवाल 7.5 फीसदी और अखिलेश यादव 6.9 फीसदी पर रहे।
यानी विजय की पहचान अब सिर्फ तमिलनाडु की राजनीति तक सीमित दिखाई नहीं दे रही। सर्वे में राष्ट्रीय विपक्ष के नेतृत्व से जुड़े सवाल में भी उनका नाम स्थापित नेताओं के बीच दिखाई दिया।
सिर्फ दो साल में यहां तक कैसे पहुंचे विजय?
विजय की राजनीतिक यात्रा काफी तेज रही है। उन्होंने 2024 में TVK लॉन्च कर औपचारिक तौर पर राजनीति में कदम रखा। इसके बाद 2026 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने सत्ता हासिल की और विजय मुख्यमंत्री बने। अगस्त 2026 में वह सरकार के करीब 100 दिन पूरे कर चुके हैं।
यानी जिस नेता ने राजनीति में अभी लंबी पारी शुरू भी नहीं की, उसका नाम अब देश के प्रधानमंत्री पद की पसंद वाले सर्वे में तीसरे नंबर पर है। यही इस MOTN नतीजे का सबसे बड़ा राजनीतिक संकेत है।
हालांकि इसे 2029 के लोकसभा चुनाव का सीधा संकेत मानना सही नहीं होगा। प्रधानमंत्री बनने के लिए सिर्फ लोकप्रियता काफी नहीं होती। राष्ट्रीय संगठन, राज्यों में पकड़, गठबंधन और लोकसभा में सीटों का गणित भी उतना ही जरूरी है।
तमिलनाडु से PM की मांग, विजय के लिए मंच तैयार?
विजय के राष्ट्रीय कद की चर्चा अचानक शुरू नहीं हुई। TVK के नेता पिछले कुछ दिनों से उन्हें 2029 के लिए राष्ट्रीय चेहरे के तौर पर पेश कर रहे हैं। 18 अगस्त को TVK नेता और मानव संसाधन प्रबंधन मंत्री सरथकुमार ने तमिलनाडु विधानसभा में विजय को भविष्य का प्रधानमंत्री बताया। उन्होंने विजय की काम करने की शैली की तारीफ करते हुए कहा, "हमारे नेता, जो हमारे दिल और सेंट जॉर्ज फोर्ट दोनों में मुख्यमंत्री हैं, देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। आप अगले PM हैं। आप दिन-रात की परवाह किए बिना काम करते हैं, इसलिए आपका अगला कदम प्रधानमंत्री पद होना चाहिए।"
इससे एक दिन पहले TVK नेता और तमिलनाडु के लोक निर्माण मंत्री आधव अर्जुन ने भी दक्षिण भारत से प्रधानमंत्री बनने की बात कही थी। उन्होंने कहा, "मैं साफ कहना चाहता हूं कि देश को भविष्य में दक्षिण से प्रधानमंत्री मिलना चाहिए और वह प्रधानमंत्री दक्षिण से ही आएगा। शायद अभी नहीं, लेकिन आगे चलकर ऐसा नेता हर भारतीय का प्रतिनिधित्व करेगा और सबके साथ बराबरी का व्यवहार करेगा।" दोनों बयानों ने विजय के लिए 2029 की राष्ट्रीय राजनीति को लेकर चल रही चर्चा को और तेज कर दिया।
क्या राहुल गांधी के लिए बढ़ी चुनौती?
विजय की एंट्री का एक और पहलू है। सर्वे में मोदी अभी भी बहुत बड़ी बढ़त के साथ नंबर-1 हैं। राहुल दूसरे नंबर पर हैं। लेकिन मोदी से दूरी बनाने वाले सभी वोटर सीधे राहुल गांधी के साथ जा रहे हों, ऐसा तस्वीर से नहीं दिखता।
विजय का 9.2 फीसदी आंकड़ा बताता है कि राष्ट्रीय राजनीति में एक नए विकल्प के लिए भी जगह बन रही है। खासकर ऐसे समय में जब विजय की पार्टी ने तमिलनाडु में सरकार बनाई है और उनके समर्थक उन्हें राज्य की सीमा से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन यहां एक बड़ा सवाल भी है। क्या तमिलनाडु की लोकप्रियता को विजय पूरे भारत में वोट में बदल पाएंगे? यही उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक परीक्षा होगी।
MOTN सर्वे में कितने लोगों से हुई बात?
मूड ऑफ नेशन, इंडिया टूडे ग्रुप का करीब दो दशक से कराया जा रहा छमाही सर्वे है। अगस्त 2026 का संस्करण CVoter ने किया। इसमें 1 जुलाई से 25 अगस्त के बीच 25,184 लोगों से सीधे बातचीत की गई। इसके अलावा पिछले छह महीनों में CVoter की नियमित ट्रैकिंग के दौरान किए गए 91,795 इंटरव्यू को भी सर्वे के निष्कर्ष तैयार करने में शामिल किया गया।
इसलिए आंकड़े मौजूदा राजनीतिक मूड की तस्वीर देते हैं। लेकिन इन्हें 2029 के चुनाव का रिजल्ट समझना जल्दबाजी होगी। फिलहाल संदेश साफ है। मोदी प्रधानमंत्री पद की पसंद में बहुत आगे हैं। राहुल गांधी दूसरे नंबर पर टिके हैं। लेकिन तीसरे नंबर पर विजय की एंट्री ने राष्ट्रीय राजनीति में एक नया सवाल जरूर खड़ा कर दिया है।
अगर विजय अगले कुछ सालों में तमिलनाडु की सत्ता के साथ अपनी राष्ट्रीय पहचान भी मजबूत कर लेते हैं, तो 2029 आते-आते प्रधानमंत्री पद की चर्चा में उनका नाम आज से कहीं ज्यादा गंभीरता से लिया जा सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
