तेलंगाना की रैली में पीएम मोदी को मिली 'प्यारी सी गुड़िया', मंच से दिया आशीर्वाद, VIDEO वायरल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना में अपनी सार्वजनिक रैली की। इस दौरान राज्य की जनता को कई योजनाओं की सौगात मिली। वहीं उनकी रैली में एक बच्ची भी पहुंची थी, जिसको प्रधानमंत्री ने काफी प्यार दिया। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। (वीडियो-नीचे)
दरअसल पीएम के सामने एक शख्स बच्ची को लेकर खड़ा था। उसने पीएम को देखते ही बच्ची को ऊपर उठा दिया। ऐसे में उनकी नजर उस पर पड़ गई। पीएम ने कहा कि उस प्यारी सी गुड़िया को बहुत-बहुत आशीर्वाद। इसके बाद जनता मोदी-मोदी के नारे लगाने लगी। जिस पर बच्ची भी हंसने लगी।

वहीं दूसरी ओर पीएम मोदी ने तेलंगाना को 13,500 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी। जिसमें सड़क, रेल, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस आदि शामिल है। इन परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद पीएम मोदी ने महबूबनगर में एक रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
वहीं अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आज मुझे तेलंगाना के लोगों के कल्याण के लिए कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने का सौभाग्य मिला। 13,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की ये परियोजनाएं राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
पीएम ने सत्ताधारी बीआरएस और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कमीशन के लिए जानी जाने वाली परिवार द्वारा संचालित दो पार्टियों ने राज्य की प्रगति रोक दी है। तेलंगाना की सरकार एक कार है, लेकिन स्टीयरिंग व्हील किसी और के हाथ में है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये लोग अपनी पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चलाते हैं, जहां शीर्ष पदों पर परिवार के सदस्य या उनके सहयोगी बैठे होते हैं। प्रेसिडेंट, सीईओ, निदेशक, कोषाध्यक्ष, महाप्रबंधक, मुख्य प्रबंधक और प्रबंधक सभी एक ही परिवार के हैं। हालांकि वे सहायक कर्मचारियों के रूप में बाहर से कुछ लोगों को रखते हैं। इन दोनों पार्टियों का फॉर्मूला एक ही है। पार्टी परिवार की है, ये लोग लोकतंत्र को परिवारवाद में बदल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications