'आडवाणी जी ने लोकतंत्र को एक पार्टी, एक परिवार की कैद से मुक्त कराने के लिए लड़ाई लड़ी', ओडिशा में PM मोदी
PM Modi on LK Advani: देश के पूर्व उपप्रधान मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को 'भारत रत्न' से सम्मानित किया जाएगा। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका जीवन भारत के लोकतंत्र को एक पार्टी और एक परिवार की पकड़ से मुक्त कराने के लिए था।
ओडिशा के संबलपुर में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "उन्होंने (लालकृष्ण आडवाणी) भारत के लोकतंत्र को एक पार्टी और एक परिवार की कैद से मुक्त करने के लिए लगातार संघर्ष किया है।"

संबलपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज लाल कृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न देने की घोषणा की गई है। यह सम्मान राष्ट्र सेवा की परंपरा के सम्मान के साथ हम सभी कार्यकर्ताओं का भी सम्मान है। यह सम्मान उस विचारधारा का सम्मान भी है जो सिर्फ राष्ट्र प्रथम को लेकर चलती है।"
वहीं उन्होंने कांग्रेस पार्टी को घेरते हुए कहा कि एक अनुभवी भाजपा नेता ने लगातार लोकतंत्र को एक परिवार और एक पार्टी से बचाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी है। पीएम मोदी ने कहा कि आडवाणी जी ने भारत के लोकतंत्र को एक पार्टी एक परिवार की कैद से निकालने के लिए निरंतर संघर्ष किया। सबका मार्गदर्शन किया।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि उन्होंने परिवारवादी विचारधारा को चुनौती देकर भारत के लोकतत्र को सर्वसमावेशी और राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़ा। आज उस तपस्या का परिणाम हम सब देख रहे हैं।
आपको बता दें कि 2014 में सत्ता संभालने के बाद से मोदी सरकार द्वारा दिया गया यह सातवां भारत रत्न है। इस सूची में कर्पूरी ठाकुर, मदन मोहन मालवीय, अटल बिहारी वाजपेयी, प्रणब मुखर्जी, भूपेन हजारिका और नानाजी देशमुख का नाम शामिल हैं। इससे पहले आज प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications