PM Modi Speech Highlights: 'आतंक के आकाओं को नहीं बख्शेगा भारत' आदमपुर एयरबेस से गरजे पीएम मोदी
PM Modi Speech Highlights: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार, 13 मई को पंजाब के आदमपुर स्थित भारतीय वायुसेना के एयरबेस पर पहुंचकर वीर जवानों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया।
भारतीय वायुसेना एयरबेस पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए दुश्मन को सख्त संदेश दिया है।

भारत-पाकिस्तान के मौजूदा हालात और पहलगाम हमले के बाद आतंकियों के ठिकानों पर हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' पर पीएम ने भारतीय सेनाओं की वीरता, रणनीति और अत्याधुनिक तकनीकी क्षमताओं की जमकर सराहना की।
PM Modi Speech Highlights: पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें
अपने जोशीले भाषण में पीएम मोदी ने देश की सैन्य ताकत, रणनीतिक सोच और भारत की बदली हुई नीति का स्पष्ट संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा कि "अब भारत की लक्ष्मण रेखा स्पष्ट है - भारत जवाब देगा।
आईए जानते हैं पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें.....
प्रधानमंत्री मोदी ने आदमपूर एयरबेस से वायुसेना के जवानों को संबोधित करते हुए पाकिस्तान, आतंकवाद और न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
- भारत माता की जय, हर सैनिक का संकल्प
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत की महान परंपरा की चर्चा करते हुए की। उन्होंने कहा, "भारत भगवान बुद्ध और गुरु गोविंद सिंह की धरती है। 'भारत माता की जय' मैदान में भी गूंजती है और मिशन में भी। जब हमारे सैनिक 'मां भारती' बोलते हैं तो दुश्मन के कलेजे कांप उठते हैं। यह हर उस नागरिक की आवाज़ है जो देश के लिए कुछ करना चाहता है।"
- आतंकियों की रीढ़ तोड़ी, अब कोई कोना सुरक्षित नहीं
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान और आतंकवाद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "हम घर में घुसकर मारेंगे और दुश्मन को बचने का एक भी मौका नहीं देंगे। भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना ने उन आतंकियों की कमर तोड़ दी है जो पाकिस्तान की सेना पर निर्भर थे। अब पाकिस्तान में कोई भी कोना ऐसा नहीं बचा, जहां आतंकी सुकून से सांस ले सकें।"
- भारतीय वायुसेना की ताकत का लोहा माना दुनिया ने
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय वायुसेना की सराहना करते हुए कहा कि, "पाकिस्तान के ड्रोन, UAVs, एयरक्राफ्ट और मिसाइलें हमारी एयर डिफेंस के सामने फेल हो गईं। मैं भारतीय वायुसेना की नेतृत्व टीम और हर वीर योद्धा को दिल से बधाई देता हूं।"
उन्होंने बताया कि हाल ही के ऑपरेशनों में 9 आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया गया और 100 से ज्यादा आतंकियों को ढेर किया गया।
- ऑपरेशन सिंदूर: भारत की नई सैन्य नीति का प्रतीक
पीएम मोदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को भारत की "नीति, नीयत और निर्णायक क्षमता" का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, "यह कोई सामान्य अभियान नहीं था। यह इस बात का संकेत है कि भारत अब पुराने ढर्रे पर नहीं चलेगा। अब आतंकवाद पर हमला भारत का न्यू नॉर्मल बन चुका है।"
PM Modi ने तीन स्पष्ट बिंदुओं में भारत की नई नीति को परिभाषित किया:
- अब भारत अपनी शर्तों पर और अपने तरीके से जवाब देगा।
- न्यूक्लियर ब्लैकमेल का अब कोई असर नहीं होगा।
- अब आतंकियों और उन्हें पालने वाले आतंक समर्थक सरकारों में कोई फर्क नहीं किया जाएगा।
सेनाओं की संयुक्त ताकत: नेवी, आर्मी, एयरफोर्स और BSF
प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में सेनाओं के तालमेल की सराहना की। उन्होंने कहा, "नेवी ने समुद्र पर दबदबा बनाया, आर्मी ने सीमा पर मजबूती दी और वायुसेना ने अटैक और डिफेंस दोनों मोर्चों पर शानदार प्रदर्शन किया। BSF और अन्य सुरक्षाबलों ने भी अद्वितीय साहस दिखाया।"
- भारत की सैन्य तकनीक अब विश्वस्तरीय
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की सेनाओं के पास अब विश्व की सर्वश्रेष्ठ टेक्नोलॉजी है। उन्होंने कहा, "आज के जटिल और परिष्कृत सिस्टम को बनाए रखना, उसे दक्षता से चलाना बहुत बड़ी स्किल है और हमारे सैनिकों ने ये साबित कर दिया है कि वे दुनिया के सबसे बेहतरीन योद्धा हैं।"
- डेटा और ड्रोन से दुश्मन को चकमा देने में भी माहिर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की वायुसेना अब केवल हथियारों से नहीं, बल्कि डेटा और ड्रोन के जरिए भी दुश्मनों को चकमा देने में माहिर हो चुकी है। पाकिस्तान की अपील के बाद भारत ने अपनी सैन्य कार्रवाई को रोका, यह भारत की मानवीय नीति का प्रतीक है, लेकिन यह कमजोरी नहीं, बल्कि संयम है।
- भारत की लक्ष्मण रेखा स्पष्ट है, जो इसे पार करेगा तो हम चुप नहीं बैठेंगे
पीएम मोदी ने अंत में स्पष्ट किया कि भारत की सीमाएं अब किसी के लिए खुली नहीं हैं। उन्होंने कहा, "भारत की लक्ष्मण रेखा स्पष्ट है - यदि मानवता पर हमला हुआ, तो भारत चुप नहीं बैठेगा। भारत शांति चाहता है, लेकिन किसी भी कीमत पर नहीं। दुश्मन को मिट्टी में मिलाना हम अच्छी तरह जानते हैं।"
- PM Modi का नई पीढ़ी के लिए संदेश
अपने भाषण का समापन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "हमारी सेनाएं सिर्फ शक्ति का प्रदर्शन नहीं कर रही हैं, वे नई पीढ़ी को प्रेरणा भी दे रही हैं। आपने सिद्ध कर दिया कि भारत अब नई सोच और नई रणनीति के साथ आगे बढ़ रहा है।"
PM-Modi-Speech-Highlights: भारत किसी भी हमले से अपने तरीके से निपटेगा: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आदमपुर एयरबेस पर दिया गया भाषण भारत की बदलती सैन्य सोच और रणनीति का स्पष्ट संकेत है। "ऑपरेशन सिंदूर" को लेकर दिए गए उनके बयानों से साफ है कि भारत अब रक्षात्मक नहीं, बल्कि निर्णायक और आक्रामक रणनीति पर चल रहा है। पाकिस्तान और आतंकवाद को दिए गए स्पष्ट संदेश से यह भी स्पष्ट हो गया है कि नया भारत अब किसी भी हमले का जवाब "अपने तरीके" से देगा तेज, निर्णायक और प्रभावशाली ढंग से।












Click it and Unblock the Notifications